कंगना को वाई श्रेणी की सुरक्षा, 24 घंटे सशस्त्र जवान करेंगे अभिनेत्री की हिफाजत

गृह मंत्रालय का फैसला 

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। फिल्मी अभिनेत्री कंगना रनौत को सुरक्षा कवच मिल गया है। गृह मंत्रालय ने उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। अभिनेत्री को निरंतर धमकी मिलने के मद्देनजर यह फैसला किया गया है। कंगना अब कड़ी सुरक्षा के बीच रहेंगी। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाने की मुहिम में कंगना रनौत अह्म भूमिका निभा रही हैं। इस केस को वह सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए मजबूत तरीके से उठा रही हैं। कंगना ने बॉलीवुड में ड्रग्स माफिया और स्टार किड्स के काले कारनामों का भी खुलासा किया है। इस बीच शिवसेना के सांसद संजय राउत के साथ कंगना की तीखी जुबानी जंग चल रही है। अभिनेत्री ने शिवसेना नेता पर धमकी देने का आरोप मढ़ा था। उन्होंने कहा कि राउत उन्हें मुंबई न आने की खुलेआम धमकी दे रहे हैं। हालांकि कंगना ने 9 सितम्बर को मुंबई जाने का ऐलान किया है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच संजय राउत ने कंगना के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद विवाद और बढ़ गया है। कंगना रनौत फिलहाल हिमाचल प्रदेश में हैं। हिमाचल सरकार की अनुशंसा पर गृह मंत्रालय ने उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने का निर्णय लिया है। वाई श्रेणी सुरक्षा व्यवस्था के तहत उन्हें कुल 11 सुरक्षा कर्मी मिलेंगे। इनमें 2 कमांडो होंगे। यह सुरक्षा दस्ता 24 घंटे कंगना रनौत के साथ रहेगा। इसके पहले खुफिया एजेंसियों से भी इनपुट लिए गए थे। जिसमें अभिनेत्री की जान को खतरा बताया गया था। उधर, कंगना ने ट्वीट कर गृह मंत्री अमित शाह को सुरक्षा देने और आत्मसम्मान की सुरक्षा करने हेतु शुक्रिया कहा है।