उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग की टीम ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों तस्कर जिले की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर रात के अंधेरे में अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचते थे। रविवार रात को आबकारी विभाग द्वारा चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार रात को आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना कासना की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की।
इस दौरान अवैध शराब बेचते हुए असलम पुत्र समसुदीन को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 40 पव्वा कैटरीना ब्रांड उत्तर प्रदेश मार्का बरामद किया गया। वहीं, शहजाद पुत्र इस्लामुदीन को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 35 पव्वा कैटरीना ब्रांड फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश मार्का बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों तस्करों के खिलाफ थाना कासना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ ऐसी ही सख्ती जारी रखने के संकेत दिए हैं।

















