महापौर ने विजयनगर में अवैध रूप से कूड़ा डालते 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़वाए

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम के विजयनगर जोन क्षेत्र में अवैध रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए कूड़ा डालने के मामले में महापौर सुनीता दयाल ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को सूचना मिलने के बाद महापौर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को कूड़ा डालते हुए रंगे हाथ पकड़वाया और उन्हें जब्त करा दिया। विजयनगर क्षेत्र में कॉर्बन फैक्ट्री के पास नगर निगम की भूमि पर लगातार अवैध रूप से कूड़ा डाले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले भी महापौर द्वारा रात्रिकालीन अभियान चलाकर अवैध कूड़ा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस बार महापौर को जैसे ही अवैध कूड़ा डालने की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत अपनी टीम को सक्रिय किया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेस करवाया।

नगर निगम के ज़ोनल सैनिटरी ऑफिसर (जेडएसओ) ओमपाल और सफाई निरीक्षक श्वेता की निगरानी में तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को नगर निगम के गैराज में खड़ा कराया गया है। पूछताछ में पता चला कि ये कूड़ा औद्योगिक क्षेत्र से लाया गया था और इसमें यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की भूमिका की भी जांच की जाएगी। महापौर ने कहा कि विजयनगर क्षेत्र में लगातार अवैध कूड़ा डालने की शिकायतें मिल रही हैं। स्थानीय लोग भी इस मामले में जागरूक हो रहे हैं और अवैध कूड़ा डालते देख तुरंत सूचना दे रहे हैं। महापौर ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से कूड़ा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।