-बिना कोचिंग सेल्फ स्टडी से सफलता, मेहनत और अनुशासन बना जीत का मंत्र
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर कविनगर स्थित केडीबी विद्यालय की छात्रा लावण्या गुप्ता ने 99.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लावण्या ने विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही परिवार, विद्यालय और मोहल्ले में खुशी का माहौल बन गया। कविनगर के जी ब्लॉक निवासी लावण्या बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी लावण्या की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लावण्या की सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने किसी प्रकार की कोचिंग का सहारा नहीं लिया। उन्होंने पूरी तैयारी स्वयं अध्ययन के माध्यम से की। नियमित समय सारिणी, विषयों की गहरी समझ और निरंतर अभ्यास उनकी सफलता का आधार बने। लावण्या का कहना है कि पढ़ाई को बोझ न मानकर समझने की कोशिश करनी चाहिए।
कठिन विषयों को बार-बार दोहराने और आत्ममूल्यांकन करने से आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया, जिससे बेहतर परिणाम प्राप्त हुआ। लावण्या आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं। उनके पिता अमित गुप्ता बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े हैं और बेटी की उपलब्धि से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि लावण्या हमेशा से अनुशासित और लक्ष्य केंद्रित रही है। वहीं उनकी माता अक्षिमा गुप्ता ने कहा कि बेटी की मेहनत और समर्पण का ही यह परिणाम है।
परिवार मूल रूप से हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र के खेरा गांव से संबंध रखता है, लेकिन वर्तमान में कविनगर में निवास करता है। बेटी की सफलता से घर में उत्सव जैसा माहौल है और रिश्तेदारों तथा परिचितों का बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। लावण्या की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है। बिना कोचिंग केवल आत्मविश्वास, नियमित अध्ययन और परिवार के सहयोग से हासिल की गई यह सफलता बताती है कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई लक्ष्य असंभव नहीं होता।
















