मेडिकल डिवाइस पार्क में आएंगी जापान की बड़ी कंपनियां

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। विकसित हो रहे यमुना सिटी के मेडिकल डिवाइस पार्क (एमडीपी) में अब जापान की बड़ी कंपनियों की एंट्री का रास्ता खुलता नजर आ रहा है। इस दिशा में जापानी उद्यमियों के संगठन मेडिकल एक्सीलेंस जापान (एमईजे) के प्रतिनिधियों ने यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। दौरे के दौरान जापानी प्रतिनिधियों ने इस क्षेत्र में गहरी रुचि दिखाई और इसे निवेश के लिए उपयुक्त बताया। अब मई के पहले सप्ताह में वे कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ दोबारा आएंगे और एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

यमुना सिटी के सेक्टर-28 में करीब 350 एकड़ क्षेत्र में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां अब तक 101 कंपनियों को प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें से एक कंपनी ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है। प्राधिकरण की कोशिश है कि यहां बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियों को एंकर यूनिट के रूप में स्थापित किया जाए, जिससे निवेश के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ें।मेडिकल एक्सीलेंस जापान के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर क्योको बीपू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को यमुना प्राधिकरण पहुंचा। उन्होंने एसीईओ शैलेंद्र भाटिया के साथ बैठक कर पार्क की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और कनेक्टिविटी की जानकारी ली।

अधिकारियों ने पार्क में अब तक हुए विकास कार्यों और आवंटित कंपनियों के बारे में विस्तार से प्रस्तुति दी। बैठक के बाद एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि जापानी उद्यमियों ने यहां की बुनियादी सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी की सराहना की है और वे निवेश के लिए उत्सुक हैं। प्रतिनिधिमंडल ने संकेत दिया कि कई बड़ी कंपनियां यहां आने को तैयार हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मई के पहले सप्ताह में वे फिर से दौरा करेंगे और यमुना प्राधिकरण के साथ एमओयू कर आगे की प्रक्रिया को गति देंगे।