-किसानों की समस्याएं सुन, निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
-समस्याओं का गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं व शिकायतें जिला प्रशासन के समक्ष रखीं। बैठक की शुरुआत में उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र द्वारा गत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। उन्होंने विस्तारपूर्वक बताया कि पिछली बार प्राप्त कुछ शिकायतों का समाधान कर दिया गया है, जिससे किसान संतुष्ट दिखे। कुछ लंबित शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे शीघ्र कार्रवाई करते हुए समाधान रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को विधिवत दर्ज करने के लिए एक पृथक रजिस्टर बनाया जाए, ताकि सभी शिकायतों का ट्रैक रखा जा सके और उनका प्रभावी समाधान किया जा सके।
साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कृषि और उससे संबंधित सभी विभागों के अधिकारी किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में यह तय किया गया कि हर किसान दिवस के प्रारंभिक 30 मिनट में दो विभाग अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों को देंगे। आगामी किसान दिवस में सिंचाई और पशुपालन विभाग को यह जिम्मेदारी दी गई है। योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित विभाग पम्पलेट और लीफलेट का वितरण भी करेंगे, जिससे किसानों को योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में मिल सके। सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि वे किसान दिवस से पूर्व सभी संबंधित किसानों को सिंचाई रोस्टर उपलब्ध कराएं। साथ ही, खतौनी में अंश निर्धारण संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए सभी तहसीलदारों को किसान दिवस में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने को कहा गया है।
अधिशासी अभियंता, सिंचाई (नहर), गाजियाबाद को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए यह पूछा गया कि किसानों से संपर्क और रिपोर्ट प्रस्तुत करने में देरी क्यों की गई। वहीं, अधिशासी अभियंता विद्युत, मोदीनगर ने जानकारी दी कि अब से विद्युत आपूर्ति सुबह 8:45 बजे से शाम 6:45 बजे तक निर्बाध रूप से की जाएगी। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने एक बार फिर सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का पूर्ण लाभ मिल सके। इस किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, प्रभारी उप कृषि निदेशक विकास कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त चौधरी रामकुमार (प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन), चौधरी बिजेंद्र सिंह (जिलाध्यक्ष, बीकेयू), चौधरी सतेन्द्र तेवतिया, चौधरी गोपाल सिंह, चौधरी रविन्द्र समेत करीब 80 कृषकों ने इस महत्वपूर्ण बैठक में भागीदारी की।

















