हर माह खेल प्रतियोगिताएं हों, खिलाडिय़ों को मिलें सुविधाएं: दीपक मीणा

-डीएम ने जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में दिए निर्देश, स्टेडियम विकास के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खेल क्षेत्र को सशक्त बनाने, खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अवसंरचनाओं के विकास पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह एक खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाए, जिससे जिले के खिलाडिय़ों को निरंतर अभ्यास और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी ने समिति के खाते में उपलब्ध धनराशि की जानकारी लेते हुए सभी स्रोतों की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने पदक विजेता खिलाडिय़ों को नकद प्रोत्साहन के स्थान पर बेहतर खेल उपकरण उपलब्ध कराने की बात कही, ताकि खिलाडिय़ों की प्रतिभा को सही दिशा दी जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए नियमित प्रतियोगिताएं, प्रभावी प्रशिक्षक और समुचित आधारभूत संरचना की आवश्यकता है। स्टेडियम में जूनियर और सब-जूनियर वर्गों की प्रतियोगिताएं प्रत्येक माह आयोजित की जाएं ताकि जिले से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल सकें। उन्होंने स्टेडियम में निर्माणाधीन अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करने का निर्देश भी दिया। साथ ही स्टेडियम में खिलाडिय़ों के लिए सिंथेटिक ट्रैक, राइफल शूटिंग रेंज और एक प्रशिक्षित जिम ट्रेनर की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही। डीएम ने सभी प्रशिक्षकों को निर्देशित किया कि वे 10 दिनों के भीतर अपने-अपने खेल से संबंधित सुझाव लिखित रूप में प्रस्तुत करें और अपने कार्यों में निष्ठा बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिता दोनों के लिए पर्याप्त संसाधन मिलने चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम का निरीक्षण भी किया और मैदान, बॉउंड्री वॉल, सौंदर्यीकरण, शौचालय, रैम्प, प्रकाश व्यवस्था जैसे आवश्यक कार्यों के लिए नगर निगम और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने तेज आंधी में गिरी बॉउंड्री वॉल को मजबूत पिलर देकर पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा, खिलाडिय़ों को न केवल प्रशिक्षण बल्कि सम्मान, सुविधा और मंच देना हमारी जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि गाजियाबाद से खेलों में नई ऊर्जा और उत्कृष्टता का संचार हो। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, प्रशिक्षु आईएएस, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा, उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, सूचना अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।