एसपी सिटी अभिषेक वर्मा के घर आई लक्ष्मी

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा के घर लक्ष्मी आई है। उनके घर पुत्री ने जन्म लिया है। जच्चा-बच्चा बिल्कुल स्वस्थ हैं। पुत्री के जन्म लेने के बाद अभिषेक वर्मा के घर हर्ष का माहौल है और उन्हें फोन पर निरंतर बधाईयां मिल रही है। बता दें कि भारतीय पुलिस सेवा के 2016 बैच के अधिकारी अभिषेक वर्मा मूल रूप से उप्र के जनपद चित्रकुट के रहने वाले हैं। गाजियाबाद में तैनाती से पहले वह जनपद बरेली में तैनात थे। घर में नन्हें मेहमान के आने पर एसपी अभिषेक वर्मा और उनकी पत्नी डॉ. अंशिका काफी खुश हैं।

रविवार सुबह यशोदा अस्पताल में बच्ची का जन्म हुआ। अभिषेक वर्मा के पिता रामलाल वर्मा एवं माता सहित अन्य परिजन घर में लक्ष्मी के आने से काफी खुश हैं। कोरोना संकट काल के दौरान अभिषेक वर्मा ने परिवार से दूरी बनाते हुए पुलिस की ड्यूटी को प्राथमिकता दी। इस दौरान उनके लिए कई कठिन और भावुक करने वाले क्षण रहे। ऐसे में अब घर में बेटी के आगमन से खुशी का माहौल है। घर में लक्ष्मी के आगमन पर उदय भूमि परिवार की तरफ से अभिषेक वर्मा और डॉ. अंशिका को ढ़ेरों शुभकामनाएं।