• अवैध शराब पर आबकारी विभाग का ‘ऑपरेशन क्लीन’, सलाखों के पीछे तीन तस्कर
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद में आबकारी विभाग इन दिनों शराब तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है। जिले की आबोहवा को जहरीली शराब और अवैध कारोबार से मुक्त कराने के लिए जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम लगातार तस्करों पर नजर बनाए हुए है। चाहे दिन हो या रात, आबकारी टीम शराब माफियाओं की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखे हुए है और उन्हें सलाखों के पीछे भेजने में कोई कोताही नहीं बरती जा रही। इसी अभियान के तहत देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जब आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह व थाना कासना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अखिलेश पुत्र स्व. महेशचंद, पुष्पेंद्र पुत्र हरिमोहन सिंह, और सन्नी पुत्र रमेशचंद के रूप में हुई है। आबकारी विभाग की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई।
बरामद सामान में उत्तर प्रदेश मार्का की 45 पव्वा ट्विन टावर ब्रांड देसी शराब, पंजाब मार्का की 4 बोतल (750 एमएल) मेकडावल नंबर-1 और 8 पव्वा (180 एमएल) इंपीरियल ब्लू शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आरोपियों के पास से एक टीवीएस स्पोर्ट बाइक भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल ये तस्करी में करते थे। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर जिले की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदते थे और फिर उसे अधिक दामों पर अवैध रूप से अन्य इलाकों में बेचते थे। यह स्पष्ट रूप से नियमानुसार लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन है और साथ ही सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा भी। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में ऐसे अवैध कारोबारियों की पहचान की जा रही है जो लाइसेंसी दुकानों की आड़ में कानून की आंख में धूल झोंकने की कोशिश कर रहे हैं। विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और ऐसे किसी भी नेटवर्क को खत्म करने का अभियान तेजी से जारी है।
शराब तस्करों पर इस तरह की कार्रवाई यह संदेश देती है कि अवैध धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की यह मुहिम जिले को शराब माफियाओं से मुक्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति शराब तस्करी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त न रहे। हाल ही में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जो लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसे अवैध रूप से महंगे दामों पर बेच रहे थे। इनके पास से यूपी व पंजाब मार्का की अवैध शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। हमारी टीम लगातार गश्त कर रही है और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। शराब माफियाओं को कड़ी चेतावनी दी जाती है कि या तो वो यह धंधा छोड़ दें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें।
















