-मतदान का अधिकार है सबसे बड़ी जिम्मेदारी, इसे निभाने में दिखाएं समझदारी: इन्द्र विक्रम सिंह
गाजियाबाद। विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए मतदान जागरूकता तथा स्वीप के संबंध में जनपद के उद्यमियों एवं औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों, व्यापारी संगठन तथा विभिन्न एनजीओ के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह व मुख्य विकास अधिकारी/ स्वीप नोडल अधिकारी अभिनव गोपाल ने संयुक्त रूप से मस्कट (शुभंकर) लॉन्च किया। जिला प्रशासन द्वारा मुख्य विकास अधिकारी/ स्वीप नोडल अधिकारी के नेतृत्व में मस्कट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसकी अंतिम तिथि 7 मार्च थी। लगभग 75 प्रविष्टियों में से चयनित वोटर ब्रो गाजियाबादी और वोटर दी गाजियाबादी को गाजियाबाद के शुभंकर के रूप में चयन करते हुए विजेताओं गिरीश चंद्र-गांधी स्मारक इंटर कॉलेज मंडोला, अंशु सिंह- प्राथमिक विद्यालय भिक्खनपुर और नीतू सिंह कंपोजिट विद्यालय मोरटी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वीप बैच भी लॉन्च किया गया।
स्वीप लोगो की टी-शर्ट और बैच जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और एडीएम सिटी द्वारा पहनी गई। इस अवसर पर वोटर ब्रो गाजियाबादी और वोटर दी गाजियाबादी के बड़े-बड़े कट-आउट सभागार में लगाए गए। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सभी औद्योगिक संगठनों एवं औद्योगिक इकाइयों एवं व्यापारी संगठन के प्रतिनिधियों, सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोकसभा निर्वाचन 2024 में जनपद के मतदान प्रतिशत को बढ़ाने में अपेक्षित सहयोग प्रदान करें तथा जनपद की औद्योगिक इकाइयों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों आवासीय सोसाइटी आदि में रहने वाले अथवा काम करने वाले श्रमिकों कर्मकारों एवं संबंधियों को मतदान के लिए प्रेरित करें। जिससे जनपद का वोट प्रतिशत अधिक हो सके। साथ ही अपील की गई की वह मतदान जागरूकता के संबंध में ऑनलाइन स्वीप के मानकों के अनुसार अपनी औद्योगिक इकाइयों के परिसर के बाहर बैनर पोस्टर अथवा पब्लिक एड्रेस सिस्टम आदि लगाकर राष्ट्र हित में मतदान का प्रचार-प्रसार कर सहयोग प्रदान करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस मौके पर मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व हम सभी को मुख्य रूप से दो जिम्मेदारियां निभानी हैं पहली की हम मतदान करने जरूर जायेंगे और दूसरी की हम अन्य मतदाताओं में मतदान करने के लिए जागरूकता फैलाएंगे और उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। मतदान के पश्चात अंगुली पर लगे निशान से मान-सम्मान बढऩे की अनुभूति प्राप्त होती है, यह हमें एहसास दिलाता है कि हम एक जिम्मेदार नागरिक हैं और हमने लोकतंत्र के नागरिक होने का फर्ज निभाया है। इस दौरान शहर के प्रमुख उद्यमी बंधु जिला उद्योग अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, स्वीप आइकॉन डॉक्टर सत्येंद्र, डिजाइनर धर्मेश, एनजीओ से शिवांगी गोयल, रिचा बल्लभ, सिविल डिफेंस से अनिल अग्रवाल, जिला समन्वयक रुचि त्यागी और कुणाल मुद्गल, अतुल जैन, तनुज गंभीर और पूनम शर्मा इसके साथ ही उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त प्रशासन जीएसटी विनय गौतम, क्षेत्र प्रबंधक, यूपीसीडा प्रदीप सत्यार्थी, परियोजना अधिकारी यूपीसीडा ट्रॉनिका सिटी के साथ साथ इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया संगठन, बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया संगठन, स्वदेशी पॉलिटिक्स इंडस्ट्रियल एरिया संगठन, लोहा विक्रेता व्यापार मंडल संगठन तथा जनपद की वृहद औद्योगिक इकाई टाटा स्टील लिमिटेड, सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड,भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड, हमदर्द वक्फ लैबोरेट्रीज, डीएफएम फूड लिमिटेड, एडवांस स्टील लिमिटेड, रामा स्टील लिमिटेड, पारले एग्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, माइक्रोमैटिक ग्राइंडिंग लिमिटेड आदि इकाईयों द्वारा प्रतिभाग किया गया।


















