-भव्य और आकर्षक होगी इस बार की रामलीला: ललित जायसवाल
-28 सितंबर को गणेश शोभा यात्रा से रामलीला का होगा शुभारंभ: भूपेंद्र चोपड़ा
– भूमि पूजन के साथ शुरू हुई रामलीला की तैयारियां
गाजियाबाद। श्री धार्मिक रामलीला समिति कविनगर के तत्वावधान में रामलीला कार्यक्रम में भूमि पूजन कर रामलीला का आगाज हो गया है। गाजियाबाद ही नहीं उत्तर प्रदेश की प्रमुख रामलीला के रूप में अपनी पहचान बना चुकी श्री धार्मिक रामलीला समिति कविनगर की रामलीला का श्रीगणेश इस बार 28 सितंबर से होगा। रामलीला का आयोजन हर वर्ष समिमि द्वारा आस्था, विश्वास और सदभाव की भावना के साथ किया जाता है। गाजियाबाद के सबसे बड़े रामलीला आयोजकों में शुमार श्री धार्मिक रामलीला समिति कविनगर ने इस वर्ष फिर विराट रामलीला के आयोजन की तैयारी कर ली है। रविवार को रामलीला के लिए कविनगर के रामलीला मैदान में भूमि पूजन हुआ। जिसमें शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए। भूमि पूजन विधि-विधान से भगवान राम के जयकारों से किया गया।
इसी के साथ रामलीला को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गई। समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल व महामंत्री चोपड़ा ने बताया कि इस बार की रामलीला को और भी भव्य व आकर्षक बनाया जा रहा है। रामलीला 28 सितंबर से शुरू होगी और पहले दिन गणेश शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 50 से अधिक झांकियां शामिल होगी। रामलीला की तैयारियां जोरों पर चल रही है। हर साल लाखों लोग रामलीला का मंचन देखने आते हैं। इस बार भी काफी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रामलीला मंचन के मद्देनजर खास लाइटिंग और मेलों का आयोजन भी किया जाता है। जिससे लोगों को आनंद मिल सके। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य नई पीढ़ी के लोगों को भगवान राम के आदर्शों से अवगत करना है।
भूमि पूजन में आध्यात्मिक गुरू पवन सिंहा, सांसद अतुल गर्ग, प्रदेश के मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महामंत्री पप्पू पहलवान, भाजपा नेता ब्रजपाल तेवतिया, एसीपी रितेश त्रिपाठी, एसीपी प्रियाश्री, वीके अग्रवाल, बीके शर्मा हनुमान, देवेंद्र हितकारी, अजय जैन, गुलशन बजाज, नवेंदु सक्सेना, आनंद गर्ग, तरुण चट्टानी, दिवाकर सिंघल, मुकेश सिंघल, दिव्यांशु सिंघल समेत हजारों राम भक्त शामिल हुए। श्री धार्मिक रामलीला समिति के सभी पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। श्री धार्मिक रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने ही अतिथियों को स्वादिष्ट भोजन प्रसाद ग्रहण कराया। समिति के पदाधिकारियों के आतिथ्य व व्यवस्था की सभी ने सराहना की।

















