छठ से पहले महात्मा गांधी सेतु पर भीषण जाम

मरम्मत कार्य के कारण वाहनों की रफ्तार थमी

पटना। बिहार में महापर्व छठ की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस बीच यातायात व्यवस्था चरमराने से नागरिकों की हालत खराब है। उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के लिंक महात्मा गांधी सेतु पर भीषण जाम ने वाहन चालकों को हलकान कर दिया है। जाम में फंसकर नागरिकों का बुरा हाल है। महात्मा गांधी सेतु पर मरम्मत का काम चल रहा है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने पूर्वी लेन को बंद कर दिया है। इसके चलते मंगलवार को दूसरे दिन भी महात्मा गांधी सेतु पर भीषण जाम लग गया। बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए। जानकारों के मुताबिक महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार की देर रात 2 बजे से यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। महात्मा गांधी सेतु पर भीषण जाम का असर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर भी देखने को मिला है। इस दरम्यान जीरोमाइल से लेकर दीदारगंज तक भीषण जाम लगा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगे जाम के कारण पटना-गया मार्ग पर भी ट्रैफिक प्रभावित है। वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। हालांकि महात्मा गांधी सेतु और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर तैनात यातायात पुलिस के जवान यातायात को सुचारू कराने में लगे हैं। उधर, पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने बताया कि महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन की मरम्मत का काम कराया जा रहा है। इस कारण पूर्वी लेन पर वाहनों का संचालन रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित पश्चिमी लेन के दोनों छोर से वाहनों का संचालन कराया जा रहा है। उन्होंने मालवाहक वाहनों को जेपी सेतु के जरिए पास कराए जाने की भी बात दोहराई। उन्होंने कहा कि 2 दिन के भीतर स्थिति सामान्य कर दी जाएगी। उधर, महात्मा गांधी सेतु पर लगे भीषण जाम के चलते महापर्व छठ की तैयारियों में लगे श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई है। बिहार में छठ महापर्व प्रतिवर्ष हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जाता है।