-थाना कौशांबी का वार्षिक निरीक्षण, आमजन से संवेदनशील और शालीन व्यवहार बनाए रखने पर जोर
-महिला सुरक्षा, साइबर हेल्प डेस्क और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश
-थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रखरखाव और बीट गश्त प्रणाली की समीक्षा, बेहतर पुलिसिंग पर विशेष ध्यान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। थाना कौशांबी में शनिवार को एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध केशव कुमार चौधरी ने वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति केंद्रों, महिला सुरक्षा और उनकी समस्याओं से संबंधित मामलों की समीक्षा की और थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई और नवनिर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। एडीशनल पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि आमजन के साथ हमेशा संवेदनशील और शालीन व्यवहार बनाए रखा जाए। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और उनकी समस्याओं का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
साइबर फ्रॉड से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने साइबर हेल्प डेस्क और जागरूकता कार्यक्रम पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। थाना कार्यालय की व्यवस्था, अभिलेखों का रखरखाव और मालखाना की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना क्षेत्र में जमा वाहनों का निस्तारण सुनिश्चित करने और सीसीटीवी मॉनीटरिंग प्रणाली की प्रभावशीलता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
एडीशनल पुलिस कमिश्नर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, रात्रि गश्त और बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्य निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने आवश्यक सुधारात्मक उपायों और निर्देशों को तुरंत लागू करने का आश्वासन दिया।
















