गाजियाबाद में विदेशी सामान के बहिष्कार और “मेड इन इंडिया” अभियान की जोरदार रैली

– सोशल चौकीदार ट्रस्ट की भव्य सभा में देशभक्ति और स्वदेशी के नारों का गूंज
-के.के. शर्मा ने विदेशी आयातित सामान पर लगाया कड़ा निशाना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर रामलीला मैदान में रविवार का दिन देशभक्ति और स्वदेशी के नारों से गूंज उठा। भारत का माल, भारत के लिए की हुंकार ने माहौल में नई ऊर्जा भर दी। सोशल चौकीदार ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस भव्य सभा और रैली का उद्देश्य विदेशी सामान के बहिष्कार और मेड इन इंडिया उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत को धमकाने वाली भाषा और आयातित वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की नीति को सभा में कड़े शब्दों में ललकारा गया। साथ ही चीन और तुर्की पर भी आर्थिक निर्भरता खत्म करने का आह्वान किया गया। सोशल चौकीदार ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रंप का रवैया भारत की संप्रभुता के खिलाफ है और चीन जैसे देश, जो पाकिस्तान का साथ देते हैं, उनसे आयातित सामान खरीदना भारत की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि दिवाली जैसे त्योहारों पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां तक चीन से आती हैं, यह हमारे लिए दुर्भाग्य की बात है। इस बार हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि दीपावली पर चीन की दिवाली नहीं, बल्कि भारत की दिवाली बने। श्री शर्मा ने व्यापार मंडलों से आए प्रतिनिधियों से स्पष्ट कहा कि व्यापारी केवल लाभ के लालच में विदेशी सामान न बेचें। उन्होंने कहा, चीन एक तरफ अपना माल भारत में बेचता है और दूसरी तरफ हमारे दुश्मन पाकिस्तान को हथियार सप्लाई करता है। क्या हम इतने अंधे हैं कि उनके माल से उनकी अर्थव्यवस्था मजबूत करते रहें? यह वक्त आत्मनिरीक्षण का है। सभा से देशवासियों को एकजुट होकर संकल्प लेने का आह्वान किया गया कि विदेशी सामान का बहिष्कार किया जाए।

“मेड इन इंडिया” सामान खरीदा जाए। त्योहारों में केवल भारतीय उत्पादों को अपनाया जाए। भारत की कंपनियां हर उत्पाद पर “मेड इन इंडिया” का लेबल लगाएं। सभा के बाद विशाल रैली का आयोजन किया जाना था, लेकिन तेज बारिश के कारण उसे स्थगित करना पड़ा। इसके बावजूद मैदान में जुटे लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। मंच से गूंजते नारे-विदेशी माल पर ताला लगे, भारत का धन भारत में पले और भारत मां का मान बढ़ाओ, स्वदेशी को अपनाओ ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। इस मौके पर ललित जायसवाल, वी.के. अग्रवाल, बी.डी. शर्मा, बी.के. शर्मा (हनुमान), विवेक मित्तल, श्री बालकिशन बल्लू भैया और कृष्ण त्यागी जैसे प्रमुख लोगों ने भी सभा को संबोधित किया और विदेशी सामान के बहिष्कार की मुहिम को अपना समर्थन दिया।

आधार शर्मा ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक संगठन का नहीं है, बल्कि पूरे भारत की आत्मा से जुड़ा है। आने वाले समय में सोशल चौकीदार ट्रस्ट जनजागरण अभियान को और तेज करेगा और पूरे प्रदेश तथा देश में इस संदेश को फैलाएगा। संस्था के उपाध्यक्ष उदित गर्ग, महामंत्री नेहा शर्मा, पदाधिकारी ललित त्यागी, दिनेश शर्मा, आधार शर्मा, आदित्य दीक्षित, बालेंद्र उपाध्याय और राजा त्यागी ने भी अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन केवल एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे भारत की आत्मा से जुड़ा हुआ है। सोशल चौकीदार ट्रस्ट ने घोषणा की कि आने वाले समय में जनजागरण अभियान तेज किया जाएगा। गाजियाबाद से शुरू हुआ यह बिगुल अब पूरे प्रदेश और देशभर में गूंजेगा। संस्था का उद्देश्य है कि हर भारतीय मेड इन इंडिया अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करे और विदेशी ताकतों को कड़ा संदेश दे।