गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड-19 और वार्ड-21 से निर्वाचित हुई दो पार्षदों को बुधवार को महापौर सुनीता दयाल ने अपने दफ्तर में पद एवं सत्यनिष्ठा और कर्तव्यों की शपथ दिलाई। प्रदेश के राज्य निर्वाचन आयोग के पत्र के अनुसार पार्षद उपचुनाव के नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के लिए महापौर सुनीता दयाल को पत्र प्रेषित किया गया था। बुधवार को नगर निगम दफ्तर में महापौर सुनीता दयाल ने दोपहर 1 बजे वार्ड-19 से नवनिर्वाचित पार्षद रंजीता कल्याणी और वार्ड-21 से नवनिर्वाचित पार्षद रीमा गौतम को शपथ ग्रहण कराई। बता दें कि वार्ड-19 से पार्षद उर्मिला चौहान और वार्ड-21 से पार्षद आनंद कुमार गौतम का आकस्मिक निधन होने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों वार्डों में उपचुनाव कराया था।
नगर निगम के वार्ड-19 से भाजपा उम्मीदवार रंजीता कल्याणी और वार्ड-21 से निर्दलीय उम्मीदवार रीमा गौतम चुनाव में विजयी हुई थी। बुधवार को महापौर ने नवनिर्वाचित दोनों पार्षदों को सत्यनिष्ठा और कर्तव्यों के पालन की शपथ ग्रहण कराई। महापौर एवं नगर आयुक्त ने शपथ ग्रहण कराए जाने के बाद दोनों नवनिर्वाचित पार्षदों का बुके देकर स्वागत किया। महापौर ने दोनों पार्षदों को बताया कि पूर्व में कई अहम बैठक की गई। जिसमें आप उपस्थित नहीं हो सकी। इसलिए सर्वप्रथम अपने वार्ड में सभी लोगों से व्यक्तिगत मिलते रहे। उनके बीच में रहे। स्वच्छता के लिए वार्ड की जनता को जागरूक करें,वार्ड में कूड़ा सेग्रीगेट(गीला कूड़ा-सूखा कूड़ा अलग-अलग) कराए। यह लक्ष्य मानकर वार्ड और शहर को सुंदर बनाए। वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दें।

















