-इंदिरापुरम और लाजपत नगर में सीवर लाइन व सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास, गुणवत्ता पर रहेगी सख़्त निगरानी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ट्रांस-हिण्डन क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए महापौर सुनीता दयाल ने मंगलवार को 3 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर महापौर ने साफ कहा कि नगर निगम का विशेष फोकस इंदिरापुरम क्षेत्र की बदहाल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर है और सभी कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। महापौर द्वारा जिन कार्यों का शुभारंभ किया गया, उनमें सबसे बड़ा प्रोजेक्ट इंदिरापुरम की गौर ग्रीन विस्टा सोसाइटी से जीडीए मार्केट तक 100 मीटर लंबाई की 600 एमएम व्यास की आरसीसी एनपी-3 सीवर लाइन बिछाने का है। इस कार्य पर लगभग 2 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत आएगी। महापौर ने बताया कि वर्तमान में इंदिरापुरम में नालों का कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही सड़क निर्माण भी शुरू होगा। ऐसे में सीवर लाइन का काम पहले पूरा कराना आवश्यक था, ताकि बाद में सड़कों को दोबारा न खोदना पड़े और निगम को अनावश्यक नुकसान न हो। शक्ति खण्ड1 1,3,4 व नीति खण्ड के सीवर की समस्या से निजात मिलेगी।
दूसरे कार्य के अंतर्गत लाजपत नगर के ब्लॉक पार्क के चारों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य शुरू किया गया है। इस पर लगभग 17 लाख 40 हज़ार रुपये खर्च होंगे। लंबे समय से स्थानीय लोगों की सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए महापौर ने पहले ही निर्माण के निर्देश दे दिए थे, जिसकी निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कार्य शुरू हुआ है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि इंदिरापुरम हाल ही में नगर निगम को हस्तांतरित हुआ है और यहां की स्थिति बेहद खराब है। नगर निगम का पूरा ध्यान इंदिरापुरम की समस्याओं को हल करने और वहां की तस्वीर बदलने पर है।
सीवर लाइन और सड़क के ये दोनों कार्य स्थानीय जनता को बड़ी राहत देंगे। महापौर ने साथ ही अपील की कि जनता कार्यों की गुणवत्ता पर नज़र रखे और यदि कहीं भी मानक से कम कार्य होता दिखे तो तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके और शहर में बेहतर गुणवत्ता के विकास कार्य हो सकें। शिलान्यास के दौरान पार्षद धीरज अग्रवाल, पार्षद हरीश कराकोटी, पार्षद प्रमोद राघव, सहायक अभियंता शेषमणि यादव, अवर अभियंता मयंक मिश्रा और अवर अभियंता विनोद कुमार मौजूद रहे। इन विकास कार्यों से इंदिरापुरम और लाजपत नगर के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही सीवर और सड़क की समस्या से राहत मिलेगी। नगर निगम का दावा है कि तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ कार्य पूरे किए जाएंगे।
















