-चिरंजीव विहार के सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास, एक साल पुराना वादा हुआ पूरा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनता से किए गए वादों को जमीन पर उतारने की कड़ी में महापौर सुनीता दयाल ने एक बार फिर भरोसे की मिसाल पेश की है। चिरंजीव विहार स्थित सेंट्रल पार्क में बने सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का शनिवार को विधिवत शिलान्यास कर महापौर ने वह वादा पूरा किया, जो उन्होंने एक वर्ष पूर्व स्थानीय नागरिकों की मांग पर किया था। महापौर सुनीता दयाल ने अपने चुनाव के दौरान शहरवासियों से विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया था। चुनाव के बाद भी जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में उन्होंने निरंतर प्रयास किए। इसी क्रम में एक वर्ष पूर्व क्षेत्रीय पार्षद मनोज त्यागी के आग्रह पर महापौर ने चिरंजीव विहार वार्ड का दौरा कर सेंट्रल पार्क में बने सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान भवन की जर्जर स्थिति सामने आई और अधिकारियों से बातचीत में यह स्पष्ट हुआ कि लंबे समय से यह कार्य फंड की कमी के कारण लंबित पड़ा हुआ था। उस दौरान स्थानीय बुजुर्गों और क्षेत्रवासियों ने सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर महापौर और पार्षद को मांग पत्र सौंपा था।
महापौर ने तब भरोसा दिलाया था कि अवसर मिलते ही इस दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा। समय आने पर अवस्थापना निधि उपलब्ध होते ही महापौर ने इस कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार कराया और नगर निगम की बैठक में 45 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराकर निविदा प्रक्रिया पूरी कराई। विधिवत नारियल फोड़कर सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर पार्षद मनोज त्यागी, अध्यक्ष हरिओम पवार, संजय बहेड़ी, सुदेश मिश्रा, राजेश शर्मा, महेंद्र गर्ग, अजय दयाल, अशोक रावत, रंजन चौधरी, बेदी गुप्ता, निर्मल उपाध्यक्ष, हरीश चंद्रा, आलोक त्यागी, सुरेंद्र वर्मा, एस.के. भदौरिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों ने महापौर सुनीता दयाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य वर्षों से लंबित था और कई प्रयासों के बावजूद पूरा नहीं हो पा रहा था।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्य महापौर और पार्षद मनोज त्यागी के प्रयासों से ही संभव हो सका है, जिसके लिए क्षेत्रवासी सदैव आभारी रहेंगे। पार्षद मनोज त्यागी ने कहा कि उन्हें भी यह उम्मीद नहीं थी कि एक वर्ष पूर्व किया गया वादा इस तरह साकार होगा, लेकिन महापौर ने उसे याद रखा और बजट स्वीकृत कराकर कार्य को धरातल पर उतारा। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र की जनता की ओर से महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया। महापौर सुनीता दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि उनका प्रयास है कि शहर की हर गली और हर घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
शहर बड़ा है, इसलिए कार्यों में समय लगता है, लेकिन जनता से किया गया हर वादा पूरा करने की ईमानदार कोशिश रहती है। उन्होंने बताया कि 45 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन में प्लास्टर, रंगाई-पुताई, फर्श पर पत्थर लगाने, खिड़की-दरवाजों के नवीनीकरण, शौचालय, प्रकाश और पानी की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। महापौर ने कहा कि यह कार्य न केवल भवन का सौंदर्य बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर सुविधा भी प्रदान करेगा।

















