उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम ने शहरवासियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए एक अहम निर्णय लिया है। रविवार को रामनवमी पर्व के दिन शहर की सभी मांस और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इस संबंध में नगर निगम के उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।नगर निगम प्रशासन का यह निर्णय धार्मिक भावनाओं की गरिमा को बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रयास माना जा रहा है। डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पर्व के अवसर पर सभी संबंधित दुकानदारों को पहले ही सूचित कर दिया गया है कि वे रविवार को अपनी मांस और मछली की दुकानें बंद रखें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकानदार द्वारा इस आदेश का उल्लंघन किया गया तो नगर निगम द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। रामनवमी के दिन पूरे शहर में धार्मिक आयोजनों की धूम रहती है। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चना होता है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। ऐसे में नगर निगम का यह कदम न केवल सांस्कृतिक भावनाओं के अनुरूप है, बल्कि शहर में शांति और सद्भावना बनाए रखने के लिए भी सराहनीय पहल मानी जा रही है। नगर निगम की इस सख्ती को देखते हुए उम्मीद है कि सभी दुकानदार प्रशासन के निर्देशों का पालन करेंगे और रामनवमी को शांति व श्रद्धा के साथ मनाने में सहयोग देंगे।
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा रामनवमी एक पवित्र और आस्था से जुड़ा पर्व है, जिसे शहरवासी पूरे श्रद्धा भाव से मनाते हैं। इस अवसर पर नगर निगम ने यह निर्णय लिया है कि गाजियाबाद में सभी मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। हमने सभी दुकानदारों को पहले ही सूचित कर दिया है, और जो भी इस आदेश का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमारा प्रयास है कि शहर में शांति, सौहार्द और श्रद्धा का वातावरण बना रहे।

















