खाई में गिरा मिनी ट्रक, 5 बारातियों की मौत

22 गंभीर रूप से घायल, मध्य प्रदेश में हादसा

भोपाल। मध्य प्रदेश में शनिवार को तड़के मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ऐसे में 5 बारातियों की मौत हो गई। जबकि 22 नागरिक गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने खाई से ट्रक को क्रेन के जरिए बाहर निकलवा लिया। यह घटना जनपद सिंगरौली में तड़के करीब 3 बजे की बताई गई है। पुलिस के मुताबिक संगरौली के सरई थाना गजरा बहरा में बारातियों से भरा मिनी ट्रक अचानक पलट गया। मिनी ट्रक में सवार 4 नागरिकों ने घटनास्थल में दम तोड़ दिया। एक नागरिक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे में 22 नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सिंगरौली बैढऩ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। इसमें आधा दर्जन घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि मिनी ट्रक में कुल 35 नागरिक सवार थे। वह सभी वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत कर वापस घर लौट रहे थे। इस बीच मिनी ट्रक एकाएक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना पाकर थाना सरई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। मृतकों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई में भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शवों को पीडि़त परिवारों को सौंप दिया जाएगा। घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस से घटना की बावत जानकारी ली। पुलिस ने क्रेन के जरिए खाई से मिनी ट्रक को बाहर निकलवाया। पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है। उधर, दुर्घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।