-सीलिंग की कार्रवाई के साथ जोनल प्रभारियो ने जमा किए 60 लाख
-हाउस टैक्स वसूली के लिए रविवार को शहर में लगेंगे 8 कैंप
गाजियाबाद। सुविधाएं तो बेहतर चाहिए, लेकिन जब टैक्स की बारी आती है तो उससे पीछा छुड़ाने की कोशिश करते हैं। टैक्स जमा कराने के लिए नगर निगम ने अपना शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। सीलिंग की कार्रवाई के साथ ही चेतावनी जारी की गई है कि टैक्स जमा नहीं किया तो पानी, सीवर का कनेक्शन काट दिया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार कर वसूली को लेकर जोनल कार्यालय पर नजर बनाए हुए हैं। जोनल प्रभारी, कर निरीक्षक व टीम को लगातार मोटिवेट भी कर रहे हैं। नगर आयुक्त की सख्ती से संपत्ति कर वसूली को लेकर रफ्तार बढ़ रही है। सिटी व विजयनगर जोन के प्रभारी ने भी अपने क्षेत्र में मजबूती से कार्य शुरू कर दिया है। जिसके क्रम में सिटी जोन क्षेत्र में कई स्थानों पर सीलिंग की कार्यवाही राकेश मार्ग एवं हिंडन विहार में कराई गई। इसी प्रकार अन्य जोन में भी संपत्ति कर वसूली बढ़ गई।
नगर आयुक्त के निर्देश पर अवकाश दिवस रविवार को भी क्षेत्र में कैंप लगाए जाएंगे। नगर आयुक्त की सख्ती के बाद शनिवार को लगभग 60 लाख की निगम कोष में जमा कराए गए। जिसमें विजयनगर जोन में लगभग 3 लाख 42 हजार की वसूली की गई। मोहन नगर जोन में लगभग 14 लाख 91 हजार की वसूली की गई, वसुंधरा जोन में बड़े बकैडरों को टारगेट करते हुए 28 लाख की वसूली की गई, सिटी जोन में सीलिंग की कार्यवाही करते हुए 7 लाख 95 हजार की वसूली की गई, कवि नगर जोन के अंतर्गत चार लाख 90 हजार की वसूली की गई। जोनल प्रभारी ने बताया नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार अवकाश दिवसों में भी कैंप लगाए जाएंगे।
जिसके क्रम में रविवार को विजयनगर जोन के अंतर्गत वार्ड संख्या 51 जी ब्लॉक में कैंप लगेगा, मोहन नगर जोन के अंतर्गत वार्ड संख्या 20 राजीव नगर भोपुरा में कैंप लगेगा, वसुंधरा जोन के अंतर्गत अहिंसा खंड वार्ड संख्या 98 एवं वार्ड संख्या 89 सेक्टर 5 वैशाली में कैंप लगेगा, सिटी जोन के अंतर्गत तीन कैंप लगाए जाएंगे। जिसमें वार्ड संख्या 11 नंद ग्राम, वार्ड संख्या 39 नेहरू नगर, वार्ड संख्या 50 राज नगर एक्सटेंशन में कैंप लगेगा, इसी प्रकार कवि नगर जोन के अंतर्गत लैंड क्राफ्ट सोसाइटी में कैंप लगाया जाएगा। करदाताओं की सहूलियत के लिए जोनल कार्यालय के अतिरिक्त अलग से कैंप लगाने का कार्य रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है।

नगर आयुक्त
करदाताओं से अपील
नगर निगम में शत प्रतिशत टैक्स जमा कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन लोगों ने टैक्स जमा नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी की गई है। टैक्स जमा न करने पर सीवर, पानी का कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई है। सरकारी विभागों को भी टैक्स जमा करने के लिए कहा गया है। शत प्रतिशत टैक्स जमा होगा, तो शहर का विकास भी तेजी के साथ होगा। टैक्स जमा कराने के लिए नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय में अवकाश दिवसों में कैंप लगाया जाएगा। वहीं करदाताओं से अपील भी की गई है कि वह अपना संपत्ति कर ऑनलाइन या नजदीकी जोनल कार्यालय में जाकर जमा कराये। करदाताओं की सहूलियत के लिए ही क्षेत्र में कैंप भी लगाए जा रहे हैं। वहां जाकर भी अपना हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं। सेल्फ एसेसमेंट करते हुए अपना संपत्ति कर जमा करने की भी अपील करदाताओं से की गई है। हाउस टैक्स वसूली को बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों का भी सहयोग निगम को प्राप्त हो रहा है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त, गाजियाबाद।

















