-औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यान, सड़कों के निर्माण कार्य व सफाई कराने की मांग
गाजियाबाद। नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्रों में हालात बदत्तर होने के चलते उद्यमियों ने नगर निगम के अधिकारियों से विकास कार्य कराने की मांग की है। शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में उद्योग बंधुओं की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह, निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह एवं जोनल प्रभारी और उद्यमी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ को इंडस्ट्रीयल फेडरेशन की ओर से फोटो युक्त सम्मान प्रतीक भेंट किया। औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बैठक मेें नगर आयुक्त को औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर नगर आयुक्त ने समय निर्धारित करते हुए अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उद्यमियों ने सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग की गई। नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कार्य योजना बनाकर इसकी रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा। औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में उद्यमियों ने उद्यान, सड़कों के निर्माण आदि कार्य कराने की मांग की। नगर आयुक्त ने इसकी कार्य योजना बनाकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उद्यमियों ने बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने,आईएमएस कॉलेज लालकुआं के समीप नाले का निर्माण कराने, सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगवाने,अवैध खोखे हटवाने, नियमित कूड़ा उठान आदि प्रमुख मांगे रखी। वहीं, साहिबाबाद ट्रांस हिंडन एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सड़क किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने, पेड़ों की टहनियों की छंटाई, साहिबाबाद साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क व नाले का निर्माण कराने की मांग की गई।

साउथ साइड ऑफ जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र में हाउस टैक्स 10 गुना वृद्धि किए जाने पर उद्यमियों ने नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने उद्यमियों की समस्याएं एवं निर्माण कार्य कराए जाने की मांग को सुनने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमियों की मांग के अनुसार जल्द कार्यों की शुरुआत कराई जाए। ताकि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं का निस्तारण किया जा सकें।
















