-फरियादियों को बार-बार न काटने पड़ें निगम के चक्कर: विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई का आयोजन किया गया। संभव जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने लोगों की समस्या सुनी। इस दौरान नगर आयुक्त के समक्ष 20 संदर्भ प्राप्त हुए। अधिकांश समस्याएं निर्माण विभाग से संबंधित प्राप्त हुई। 7 संदर्भ निर्माण से, स्वास्थ्य विभाग से 3, उद्यान से 1, प्रकाश से 2, संपत्ति से 1, टैक्स विभाग से 1, जलकल विभाग से 4, अवैध अतिक्रमण के विषय में 1 संदर्भ प्राप्त हुआ। जिन पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त द्वारा संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को जन समस्याओं के समाधान के लिए फील्ड में उतर कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने इस दौरान पूर्व में आई समस्याओं के निस्तारण का अधिकारियों से फीडबैक लिया। नगर आयुक्त ने कहा निगम में आने वाली सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारी गंभीरता दिखाए। समस्या का निस्तारण होने के बाद उसका फीडबैक भी लें। जिससे समस्या का निस्तारण होने के बाद उसकी पारदर्शिता भी बने रहे। शहर के विकास के साथ लोगों की समस्या का निस्तारण करना भी हमारा प्राथमिकता है। ध्यान रहें जनसमस्याओं का समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। फरियादियों को बार-बार निगम के चक्कर न काटने पड़ें। अगर कोई व्यक्ति एक ही समस्या को लेकर बार-बार निगम में आता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त समस्याओं के आधार पर नगर आयुक्त ने समाधान के लिए आश कुमार को मौके पर भेज कर समाधान कराया। सिटी जोन अंतर्गत आने वाले नंदग्राम घूकना से सीवर की समस्या प्राप्त हुई, मौके पर स्वास्थ्य विभाग टीम के साथ-साथ अधिकारियों को भी भेजा गया। संभव में प्राप्त समस्याओं के समाधान के लिए नगर आयुक्त ने प्रभारी संभव और टीम को भी तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। कार्यवाही की रिपोर्ट शासन को भिजवाने के लिए भी कहा गया। इस मौके पर संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, संपत्ति प्रभारी पल्लवी, प्रकाश प्रभारी आशकुमार व अन्य संबंधित टीम उपस्थित रही।