नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को नगर निगम के जलकल विभाग और जल निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में सीवर व्यवस्था को दुरूस्त करने और एसटीपी संचालन को लेकर चर्चा हुई। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने साहिबाबाद ड्रेनेज की व्यवस्था सुधारने, कड़कड मॉडल वार्ड-43 में सीवर लाइन डालने, एमआरएफ की कार्यवाही में तेजी लाने तथा शहर में लगे हुए एसटीपी प्लांट की मॉनिटरिंग को बेहतर करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को नगर निगम के जलकल विभाग और जल निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में सीवर व्यवस्था को दुरूस्त करने और एसटीपी संचालन को लेकर चर्चा हुई। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने साहिबाबाद ड्रेनेज की व्यवस्था सुधारने, कड़कड मॉडल वार्ड-43 में सीवर लाइन डालने, एमआरएफ की कार्यवाही में तेजी लाने तथा शहर में लगे हुए एसटीपी प्लांट की मॉनिटरिंग को बेहतर करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक को लेकर जानकारी देते हुए महाप्रबंधक जल ने बताया कि नगर आयुक्त की अध्यक्षता में जलकल विभाग तथा जल निगम की संयुक्त बैठक हुई जिसमें वबैग कंपनी के अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में सीवर समस्या के समाधान को लेकर प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई। एनजीटी के आदेश अनुसार कार्यवाही करने के लिए भी निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त द्वारा साहिबाबाद ड्रेनेज व्यवस्था को सुधारने के लिए जलकर तथा जल निगम को एक सप्ताह में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, इसी के साथ सीवर लाइन रिपेयर हेतु जल निगम को कार्यवाही में तेजी लाने के लिए कहा गया। एसटीपी का सही संचालन सुनिश्चित हो इसके लिए सीपीसीबी की टीम तथा जल निगम की संयुक्त टीम सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी तथा आॅनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से एसटीपी संचालन की निगरानी की जाएगी।
वार्ड संख्या-43 कड़कड़ मॉडल में सीवर लाइन डालने के लिए सर्वे कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा एवं वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील राय को कड़कड़ मॉडल में सर्वे करने का निर्देश दिया। सर्वे के उपरांत सीवर लाइन डालने की कार्यवाही को प्रारंभ कराया जाएगा। बैठक में जल निगम के मुख्य अभियंता आरके पंकज, अधिशासी अभियंता व अन्य टीम, नगर निगम जलकल विभाग के महाप्रबंधक, अधिशासी अभियंता कामाख्या प्रसाद आनंद, वबैग के सुनील उपस्थित रहे।
















