संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने सुनी जनसमस्या, 9 मामलों में त्वरित समाधान

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों संग की जनसुनवाई, निर्माण व उद्यान विभाग ने मौके पर भेजीं टीमें

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘संभव’ जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ शहरवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण और उद्यान विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया। संभव जनसुनवाई में कुल नौ संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें चार संदर्भ निर्माण विभाग, दो टैक्स विभाग तथा तीन संदर्भ उद्यान विभाग से संबंधित थे। नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी विभागों ने अपने-अपने स्तर पर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

जनसुनवाई के दौरान राजनगर एक्सटेंशन, नंदग्राम, चिरंजीवी बिहार, लाल कुआं और जटवाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए शहरवासियों ने अपनी समस्याएं सीधे नगर आयुक्त और निगम अधिकारियों के समक्ष रखीं। नागरिकों ने सड़क, जलनिकासी, पार्कों की स्थिति, टैक्स से जुड़े मामलों और अन्य नगर निगम सेवाओं से संबंधित मुद्दों पर शिकायतें दर्ज कराईं। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह तथा प्रभारी प्रकाश आश कुमार उपस्थित रहे और उन्होंने संबंधित शिकायतों पर विभागीय स्तर पर आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कई पार्षदों ने भी नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपने-अपने वार्डों में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने तथा क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की। इनमें अधिकांश विषय निर्माण विभाग से संबंधित रहे, जिन पर नगर आयुक्त ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि ‘संभव’ जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करना है। नगर निगम आमजन की सुविधाओं के प्रति संवेदनशील है और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्यवाही की जा रही है।