नगर आयुक्त ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

-पौधा रोपित कर कर दिया स्वच्छता का संदेश

गाजियाबाद। संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती पर शुक्रवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने नवयुग मार्किट स्थित अंबेडकर पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। अंबेडकर जयंती की शुभकामनाओं के साथ शहर वासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही पार्क में पौधारोपण किया।
नगर आयुक्त ने कहा हमारे देश में डॉ. भीम राव आंबेडकर को समानता और न्याय का प्रतीक माना जाता है। वह एक महान सामाजिक कार्यकर्ता थे। सभी भारतीयों में समानता लाने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। उनका कहना था कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का माध्यम है। समय आने पर भूखे रहो लेकिन अपने बच्चों को पढ़ाओ। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने अपना पूरा जीवन अछूतों, महिलाओं और मजदूरों की भलाई के लिए न्यौछावर कर दिया।

उन्होंने कहा आज जो हम प्रशासनिक अधिकारियों को आम नागरिकों को बराबरी के दर्जे के साथ उनका हक दिलाने का मौका मिला है, वह भारतीय संविधान की देन ही है। उन्होंने कहा कि कभी भी भेदभाव होते देखें, तो उसे रोके, किसी के साथ अन्याय न होने दें। समस्याओं का समाधान प्राप्त सामथ्र्य के अनुसार तत्परता से करें, गरीबों की मदद करें, तभी बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर का सपना साकार होगा। सेल्फी विद सफाई मित्र अभियान अंबेडकर जयंती महोत्सव के क्रम में शुरू किया गया। जिसमें सैकड़ों सेल्फी निगम के सोशल मीडिया पर प्राप्त हुई। इस तरह का अभियान शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए चलाया गया है। जिसको सफल बनाने के लिए कई शहर के जनप्रतिनिधि भी सहयोग कर रहे हैं।

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर शहर में कई स्थानों पर भव्य रुप से महोत्सव मनाए जा रहे हैं। जिसके लिए नगर निगम द्वारा पूर्व की भांति तैयारियां कराई गई है। नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों की प्रशंसा करते हुए शहर में स्वच्छता के लिए सहयोग करने के लिए शहरवासियों से अपील की। नगर आयुक्त के सेल्फी विद सफाई मित्र अभियान में जहां निगम के अधिकारी सफाई मित्रों के साथ सेल्फी लेते हुए नजर आए तो वहीं शहर के कई लोगों ने भी सेल्फी भेजकर शहर की सफाई व्यवस्था में अपना सहयोग दिया। आओ बनाएं गदंगी मुक्त गाजियाबाद यह पढ़ने में भले ही एक शब्द है, लेकिन इसका अर्थ शहर की सफाई व्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान हैं। अगर हम शहर को साफ एवं सुथरा बनाने में अपना योगदान दें तो गाजियाबाद अपना स्वच्छ एवं सुंदर दिखाई देगा।