गाजियाबाद। मोहन नगर जोन तथा वसुंधरा जोन के अंतर्गत किए जा रहे नालों की सफाई व्यवस्था का शनिवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने महाप्रबंधक जल आनंद कुमार त्रिपाठी के साथ जायजा लिया। इसी क्रम में मोहन नगर, शालीमार गार्डन, भोपुरा चौक के मुख्य मार्गों का जायजा लिया। मौके पर संबंधित अधिकारियों को बुलाकर नालों की सफाई के लिए बेहतर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल को सीवर व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे नालों की सफाई बेहतर करने के भी निर्देश दिए। मौके पर भोपुरा चौक पर सीवर जेटिंग मशीन लगी हुई थी जिसके द्वारा रुके हुए पानी को समाप्त करने का काम किया जा रहा था।

नगर निगम द्वारा जल निकासी को लेकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। जिसके क्रम में नालों की सफाई सीवर की सफाई पर जोर दिया जा रहा है। समय-समय पर वरिष्ठ संबंधित अधिकारी भी कार्यवाही का जायजा ले रहे हैं। क्षेत्रीय निवासियों का भी विशेष सहयोग निगम को प्राप्त हो रहा है। नगर आयुक्त ने कहा शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए प्रतिदिन शहर की सफाई व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकें।
















