गोवंश को सर्दी से बचाने के लिए नगर निगम ने किए पुख्ता इंतजाम

-निगम गौशाला में की गई तिरपाल, बोरे, कंबल की व्यवस्था
-1926 गोवंशों का निगम रख रहा विशेष ध्यान-नगर आयुक्त

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा नंदग्राम स्थित नंदी पार्क गौशाला में गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए सभी इंतजाम पुख्ता कर दिए गए है। सर्दी के मौसम में गोवंश बीमार न हो, इसके लिए गोवंश पर जूट के बोरे के कंबल बनाकर ओढ़ाए गए हैं। आश्रय स्थलों में पशुओं को हवा न लगे, इसके लिए आश्रय स्थल के खुले स्थानों पर तिरपाल से ढका गया। सर्दी आरंभ होने से पहले ही नगर निगम की ओर से निराश्रित पशुओं की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई थी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम के समस्त विभाग जन समस्याओं के समाधान में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा बढ़ती ठंड को देखते हुए नंदी पार्क गौशाला में भी इंतजाम को पुख्ता कराया है। जिसमें शीतलहर से बचने के लिए तिरपाल की व्यवस्था कराई गई है।

गोवंशों के लिए प्रतिदिन के खाने-पीने की व्यवस्था और नहाने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। हरे चारे के साथ-साथ गुड़ की मात्रा को भी बढ़ाया गया है। नहाने के लिए ताजा पानी की व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। ठंड से गोवंशों को बचाव के लिए सभी कार्यों को सुचारू कराया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया ठंड के महीने में हर वर्ष की भांति वर्ष भी नगर निगम द्वारा गोवंशों का ध्यान रखा जा रहा है। 1926 गोवंश गर निगम की गौशाला में रह रहे हैं। जिसमें नंदी पार्क में 988 नंदी और 938 गाय नंदिनी पार्क में है। ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था भी कराई जाएगी।

नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार गौशाला में कार्य कर रहे कर्मचारियों का भी विशेष ध्यान रखते हुए उनके रहने वाले स्थान पर आवश्यकता अनुसार बिस्तरों की संख्या को भी बढ़ाया गया है। नगर निगम के अलावा अन्य श्रद्धालुओं द्वारा गोवंशों के लिए ठंड से बचाव के लिए स्वेच्छा से अपना योगदान भी दिया जा रहा है। चिकित्सकों की टीम भी जाकर गोवंशों का चेकअप का कार्य भी कर रही हैं। नगर निगम बढ़ती ठंड को देखते हुए गोवंशों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम कर रहा है। उन्होंने बताया गोवंश को ठंड से बचाव के लिए समुचित व्यवस्था कराई गई है। जैसे शेड को तिरपाल, बोरे, कंबल आदि से उचित रूप से घेरा गया है।