ब्लैक लिस्ट की फर्में, महापौर का म्युनिसिपल कमिश्नर को पत्र
गाजियाबाद। ठेकेदार अजय त्यागी द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की जांच नगर निगम ने भी शुरू कर दी है। महापौर आशा शर्मा ने म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर को पत्र लिखकर कहा कि मुरादनगर में हुए हादसे में ठेकेदार अजय त्यागी की फर्म मै. अजय त्यागी कंस्ट्रक्शन, माही कंस्ट्रक्शन एडं बिल्डर्स और कृष्णा एसोसिएट्स ने नगर निगम के निर्माण विभाग में कार्य किए है। इन सभी फर्म द्वारा कराए गए पिछले 5 साल के कार्यों की जांच और समीक्षा की जाए। उक्त फर्म द्वारा किए गए कार्यों की सूची, निविदा विवरण व जारी वर्क ऑर्डर की छायाप्रति भी उपलब्ध कराई जाए। नगर निगम ने मैसर्स अजय त्यागी कंस्ट्रक्शन को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह का कहना है कि ठेकेदार अजय त्यागी की फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। इसके द्वारा कराए गए सभी कार्यों की जांच कराई जा रही है। ठेकेदार अजय त्यागी को भाजपा विधायक अजित पाल त्यागी, पूर्व एमएलसी प्रशांत गुर्जर, मुरादनगर पालिका के चेयरमैन विकास तेवतिया का करीबी माना जाता है।
यह भी पढ़ें : गाजियाबाद के श्मशान घाट में मौत का तांडव, अब तक 18 की मौत बढ सकती है मृतकों की संख्या
उखलारसी के भवन निर्माण में अजय त्यागी ने अधिशासी अधिकारी निहारिका चौहान को 16 लाख रुपए बतौर कमीशन के दिए थे। नगर पालिका में ऊपर से लेकर नीचे तक इस पैसे का बंदरबांट हुआ था। ठेकेदार अजय त्यागी पुत्र सत्यबीर त्यागी राजनगर में रहता है। नगर निगम के सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर और वसुंधरा जोन में अजय की फर्म ने कई कार्य किए हैं। 14वें वित्त आयोग और अवस्थापना विकास निधि के फंड से वार्ड संख्या-52 न्यू कोट गांव, वार्ड-92, वार्ड-93 कैला भट्टा, वार्ड-16 मोरटा, वार्ड-39 अर्थला, वार्ड-38 प्रहलादगढ़ी आदि में टेंडर लिए गए। कविनगर जोन के वार्ड-46 दुहाई में श्मशान घाट की चारदीवारी का काम कराया। 18 लाख 66 हजार रुपए से ज्यादा का खर्च हुआ। इसके अलावा वार्ड-53 रईसपुर में श्मशान घाट की चारदीवारी एवं शेड के निर्माण 18 लाख 87 हजार रुपए से ज्यादा का है। महापौर ने इन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, 3 सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
















