नगर निगम नये साल पर शहरवासियों को देगा पांच तोहफा

-मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संयुक्त प्रेसवार्ता में नगर निगम की योजनाओं को लेकर दी जानकारी

विजय मिश्रा (उदय भूमि ब्यूरो)
गाजियाबाद। नव वर्ष में नगर निगम शहरवासियों को कई योजनाओं की सौगात देगा। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में निगम अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रेसवार्ता में विकास योजनाओं को लेकर जानकारी दी। मेयर और नगर आयुक्त ने बताया कि पांच ऐसे कार्य हैं जिन्हें प्राथमिकता पर कराया जाएगा। इन कार्यों से शहर की खूबसूरती बढ़ेगी और पार्यावरण को सुधारने में मदद मिलेगी। खेल को बढ़ावा देने को लेकर स्पोर्टस कॉप्लेक्स का निर्माण और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए आईटीएमएस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। मेयर ने कहा कि शहर सुंदर और खूबसूरत दिखाई दे इसको लेकर योजना तैयार की गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि योजनाओं को कम से कम समय में पूरा किया जाये इसका ध्यान रखा जाएगा।

प्रेसवार्ता में मेयर सुनीता दयाल ने गाजियाबाद नगर निगम की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शहर में प्रदूषण के स्तर को कम करने और पर्यावरण को बेहतर बनाए रखने के लिए नया बस अड्डे के पीछे बायोडायवर्सिटी पार्क को विकसित किया जाएगा। पेड़ पौधे प्राण वायु हैं। ऐसे में शहर में बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किये जाने का लाभ शहरवासियों को होगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने गाजियाबाद-311 ऐप को जल्द लॉन्च करने और आईटीएमएस योजना को शुरू करने को लेकर नगर निगम की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। काफी लंबे समय बाद मेयर और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता की। प्रेस वार्ता में मेयर और नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम नये साल में गाजियाबाद वासियों के लिए पांच खास योजनाएं लेकर आया है। नए साल में पर्यावरण, स्पोर्टस, शहर के सौंदर्यीकरण के लिए एंट्री गेट, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को लेकर पांच योजनाओं पर काम होगा। नये बस अड्डे के पीछे बायोडायवर्सिटी पार्क बनाने के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है।

लगभग 60 एकड़ जमीन में बायोडायवर्सिटी पार्क बनेगा। इसमें विशेष कवर्ड पब्लिक सीटिंग, कार पार्किंग, फॉरेस्ट,रेस्टोरेंट, वॉच टावर, फिश पॉन्ड, पार्टी लॉन, अर्बन फॉरेस्ट, ग्रेसलैंड जैसी आकर्षक और मनोरंजक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। बायोडायवर्सिटी पार्क के निर्माण पर 17 करोड़ की लागत आएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि शहर में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स बनाने की तैयारी चल रही है। स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स में शहर के खिलाड़ियों के लिए सभी तरह की व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। स्पोर्ट्स कॉप्लेक्स में क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित कई और खेलों के लिए व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। मेयर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर की सुंदरता को बढ़ाने और बाहर से आने वाले लोगों के मन में गाजियाबाद शहर की सुंदर छवि स्थापित करने के जिए प्रेवश स्थान पर भव्य और आकर्षक एंट्री गेट बनाए जाएंगे। तिगरी गोल चक्कर से आने वाले एंट्री गेट, यूपी गेट से आने वाली एंट्री पर भव्य सुंदर एंट्री गेट बनेंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि गाजियाबाद-311 ऐप की शुरूआत 15 जनवरी तक नगर निगम द्वारा कर दी जाएगी। इसकी सभी तैयारी पूरी हो चुकी है।