बुरे फंसे नगर निगम के कविनगर जोनल प्रभारी राजवीर लगे कई गंभीर आरोप हो सकती है कड़ी कार्रवाई

– बाहरी व्यक्ति के माध्यम से टैक्स वसूली करवाने का है मामला
– महिला को अश्लील मैसेज भेजने के मामले में थाने पहुंची शिकायत
उदय भूमि संवाददाता
गााजियाबाद। नगर निगम के कविनगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह बुरे फंस गये हैं। बाहरी व्यक्ति से टैक्स वसूली करवाने से लेकर महिला को अश्लील मैसेज भेजने और उसे प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। राजवीर सिंह की शिकायत शासन में भी की गई है। महिला के साथ दुर्व्यवहार और अश्लील मैसेज भेजने के मामले में पुलिस कमिश्नर से की गई शिकायत में साहिबाबाद पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश मिला है। गृह एवं गोपन विभाग द्वारा भी महिला की शिकायत को गंभीर मानते हुए पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है। निदेशालय स्थानीय निकाय नगर विकास में भी राजवीर की कारगुजारियों की शिकायत की गई है।
कविनगर जोनल प्रभारी पूर्व में मोहन नगर जोन में तैनात रहे हैं। मोहन नगर जोन में तैनाती के दौरान क्षेत्र की एक महिला ने राजवीर सिंह पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। महिला का आरोप है कि उसने एक शिकायत मोहन नगर जोनल कार्यालय में की थी। शिकायत पत्र में से मोबाइल नंबर लेकर राजवीर सिंह महिला को कॉल और अश्लील मैसेज करने लगे। महिला ने इसके बाद नंबर ब्लॉक कर दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि नंबर ब्लॉक किये जाने के बाद राजवीर ने स्थानीय पार्षद एवं एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से महिला पर दवाब बनाया। महिला ने जोनल प्रभारी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
मोहन नगर वाले मामले में राजवीर का पीछा छूटा भी नहीं है कि कविनगर जोन में भी तैनाती के दौरान गंभीर आरोप लगने लगे हैं। बीते दिनों कवि नगर जोन में बाहरी व्यक्ति के माध्यम से अवैध वसूली करवाने के मामले में भी छींटें जोनल प्रभारी तक पहुंच रहा है। पूर्व में निलंबित हुए टीआई-2 के जिस गुर्गें को राजनगर में पकड़ा गया। उसकी जांच में कई तरह की बातें सामने आई है। नगर निगम से जुड़े सूत्र बताते हैं कि निलंबित टीआई-2 को बहाल करवाने में राजवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और यही टीआई-2 जोनल प्रभारी का खास माना जाता है। एक साथ कई तरह के गंभीर आरोप लगने के कारण राजवीर सिंह की परेशानियां बढ़ सकती है।