मर्डर : मां की चिता पर मुर्गा सेंका और खा गया

झारखंड में सनसनीखेज वारदात से सनसनी

नई दिल्ली। झारखंड में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना प्रकाश में आई है। इस सनसनीखेज घटना ने मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को भी कलंकित कर दिया है। बेटे ने मां की हत्या करने के बाद शव को घर के आंगन में जला दिया। इसके बाद आरोपी ने जलती चिता पर मुर्गा सेंका और खा गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जनपद के मनोहरपुर थानांतर्गत जोजोगुट गांव में यह ह्दय विदारक घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले मां की हत्या की। तदुपरांत शव को घर के आग में जला दिया। इसी क्रम में उसने मां की जलती चिता पर मुर्गा भूना और उसे मजे से खाता रहा। इस दुष्टता के बाद भी आरोपी घर में डटा रहा। शनिवार की सुबह आरोपी ने मां की अधजली लाश को घर के चूल्हे के पास रख दिया। बाद में इस परिवार ने आस-पास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। नाराज ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की। ग्रामीणों ने आरोपी को बंधक बनाकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस अधिकारी विमलेश त्रिपाठी के मुताबिक इस पूरी घटना की चश्मदीद गवाह आरोपी युवक के छोटे भाई की पत्नी है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव के अवशेष को एकत्र कर जांच के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक प्रधान सोय (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रधान सोय पर लगभग 4 साल पहले अपने पिता गोपाल सोय की भी हत्या करने का आरोप लगा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की मनोदशा ठीक नहीं है। उधर, वारदात के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस का कहना है कि विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर विवेचना चल रही है।