-मरीजों को मौखिक स्वास्थ्य की अहमियत और प्री-कैंसर व कैंसर के विषय में किया जागरूक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर के ओरल मेडिसिन विभाग द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय आईएओएमआर (इंडियन एकेडमी ऑफ ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी) दिवस पूरे उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डेंटल ओपीडी में आने वाले मरीजों को मौखिक स्वास्थ्य की अहमियत और प्री-कैंसर व कैंसर की रोकथाम के विषय में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के तहत मरीजों को तंबाकू, धूम्रपान तथा अन्य हानिकारक आदतों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, यह समझाया गया कि ये आदतें केवल मुख स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण शरीर को भी प्रभावित करती हैं। छात्रों के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं क्विज, निबंध लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में विशेष रंग भरा। इन आयोजनों का उद्देश्य न केवल विद्यार्थियों के मौखिक स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान को समृद्ध करना था, बल्कि उन्हें और मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी था।
कार्यक्रम में बीडीएस और एमडीएस के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और समर्पण के साथ हिस्सा लिया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके प्रयासों को सराहा गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागियों ने आईटीएस एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा एवं वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा का आभार व्यक्त किया।

















