-जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं शिकायतें, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
-भूमि विवादों के निस्तारण के लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त कार्रवाई पर जोर
-विरासत शस्त्र लाइसेंस मामलों में तेजी, पात्र आवेदकों को राहत
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनसुनवाई करते हुए आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, विद्युत, स्वास्थ्य, निर्माण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े प्रार्थना और शिकायत पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि ऐसे प्रकरणों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मौके पर जाकर किया जाए, ताकि विवादों का स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने विरासत के आधार पर आवेदित शस्त्र लाइसेंस प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिन मामलों में पुलिस और तहसील स्तर की जांच आख्या प्राप्त होकर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी थीं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जा चुका है। प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
जिलाधिकारी ने बताया कि विरासत के आधार पर शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले आवेदक किसी भी कार्यदिवस में कलेक्ट्रेट गाजियाबाद स्थित शस्त्र अनुभाग से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही शस्त्र लाइसेंस से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या असुविधा होने पर संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (ई), अपर जिलाधिकारी (एल/ए) तथा जिला सूचना अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए समन्वय स्थापित किया।
















