जेईई मेन 2026 में नेहरू वर्ल्ड स्कूल का जलवा, 24 विद्यार्थियों ने 99.76 तक हासिल किया परसेंटाइल

– 99.76 से 93.41 परसेंटाइल तक छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
– मेहनत, अनुशासन और मार्गदर्शन का मिला सुनहरा परिणाम
– अब जेईई एडवांस परीक्षा में नया इतिहास रचने की तैयारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन 2026 के फाइनल परिणाम, कटऑफ और रैंक घोषित होने के बाद शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। घोषित परिणामों में विद्यालय के कुल 24 विद्यार्थियों ने 99.76 से 93.41 परसेंटाइल के बीच अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष का परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में अधिक प्रभावशाली रहा है। छात्रों की निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रभावी मार्गदर्शन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यार्थियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि समर्पण और सही दिशा मिलने पर सफलता निश्चित होती है। सफल विद्यार्थियों में अभिनव त्यागी, उर्जिता त्रिपाठी, अनन्या शर्मा, शांतनु अग्रवाल, दानिश लोनी, झंकार बत्रा, आराध्या भारद्वाज, प्रियांश गर्ग, शिवेन्द्र शर्मा, भव्य भाकुनी, तानुष कपूर, वेद कपूर, आदित्य कुमार राय, शौर्य चौधरी, सिद्धार्थ चौधरी, स्पर्श कुमार तिवारी, शुभ कंसल, एकनाथ श्रीवास्तव, पावनी अग्रवाल, दिव्यांश कुकरेजा, आरुष सिंह, आदित्य कसाना, विदित चौधरी तथा धैर्य चौधरी प्रमुख रूप से शामिल हैं। सभी विद्यार्थियों ने अपनी लगन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता के साथ यह उपलब्धि प्राप्त की।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि छात्रों को परीक्षा की तैयारी के दौरान नियमित टेस्ट सीरीज, विशेष शंका समाधान सत्र, विषय विशेषज्ञों की कक्षाएं तथा व्यक्तिगत अकादमिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यही कारण रहा कि विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने छात्रों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए अवधारणात्मक अध्ययन और विश्लेषणात्मक सोच पर विशेष ध्यान दिया, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिली। इस सफलता पर विद्यालय के निदेशक श्री अरुणाभ सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। एग्जीक्यूटिव हेड टीचर सुजैन होम्स ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी है।

प्रधानाचार्या मंजुला सिंह ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अभिभावकों का सहयोग भी छात्रों की सफलता में उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना विद्यालय का मार्गदर्शन। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी आगे भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे। सफल छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है। कई छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के समर्थन को दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया और अनावश्यक दबाव से दूर रहकर लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित किया, जिससे बेहतर परिणाम प्राप्त हुए। अब इन सफल विद्यार्थियों की नजर आगामी 19 मई को आयोजित होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा पर है।

विद्यालय द्वारा इसके लिए विशेष तैयारी सत्र और उन्नत स्तर की कोचिंग व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है ताकि छात्र अगली परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। नेहरू वर्ल्ड स्कूल परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि ये छात्र आने वाले समय में देश के श्रेष्ठ तकनीकी संस्थानों में प्रवेश लेकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विद्यालय की यह सफलता न केवल संस्थान के लिए गौरव का विषय है, बल्कि गाजियाबाद जिले की शैक्षिक उपलब्धियों में भी एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है।