अर्थ डे पर गाजियाबाद हुआ ग्रीन: हरियाली का महाअभियान, 5000 पौधों से सजा शहर

-पांचों जोन के पार्कों में हुआ व्यापक पौधारोपण, विद्यार्थियों व नागरिकों की भागीदारी
-‘रेड लाइट ऑन, इंजन ऑफ’ अभियान से ट्रैफिक सिग्नलों पर जागरूक किए गए लोग
-स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त शहर और पर्यावरण संरक्षण का दिया सामूहिक संदेश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को गाजियाबाद नगर निगम द्वारा शहरभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक महा अभियान चलाया गया। नगर निगम ने पौधारोपण, स्वच्छता जागरूकता, प्रदूषण नियंत्रण और नागरिक सहभागिता को केंद्र में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अभियान के माध्यम से शहर को हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम के पांचों जोन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इंदिरापुरम, मोहन नगर, लोहिया नगर, विजयनगर, कवि नगर और वैशाली स्थित पार्कों में लगभग 5000 से अधिक पौधे लगाए गए। इन कार्यक्रमों में नगर निगम अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय पार्षद, सामाजिक संस्थाएं, विद्यालयों के विद्यार्थी तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पौधारोपण कार्यक्रम के तहत लोहिया नगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में छात्राओं ने स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसी क्रम में शहर के करीब 50 अलग-अलग स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी रहा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें।
नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम ने पृथ्वी दिवस पर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया। शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों पर ‘रेड लाइट ऑन, इंजन ऑफ’ अभियान के तहत वाहन चालकों को जागरूक किया गया। सिग्नल पर वाहन का इंजन बंद रखने से प्रदूषण कम करने और ईंधन बचाने का संदेश दिया गया। निगम द्वारा मैस्कॉट के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया, जिसने राहगीरों और वाहन चालकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा ‘वेस्ट टू आर्ट’ गतिविधियों का आयोजन कर रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल की अवधारणा को बढ़ावा दिया गया।

कचरे के पुन: उपयोग से उपयोगी वस्तुएं तैयार करने के माध्यम से लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व से अवगत कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम ने शहर को प्लास्टिक मुक्त और कचरा मुक्त बनाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया। नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने, कचरे का पृथक्करण करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों के दौरान पार्षदों और निगम अधिकारियों ने लोगों को स्वच्छता अपनाने तथा पर्यावरण बचाने की शपथ भी दिलाई। लोहिया नगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान पार्षद कुलदीप सहित नगर निगम अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी निगम के अभियान में सहयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत किया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश है। वृक्षारोपण, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और संसाधनों के संतुलित उपयोग के माध्यम से ही शहर को स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित यह महा अभियान गाजियाबाद में पर्यावरण जागरूकता की नई मिसाल बनकर सामने आया। नगर निगम के इस प्रयास ने यह संदेश दिया कि यदि प्रशासन और नागरिक मिलकर कार्य करें तो स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त शहर का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।