नेहरू वर्ल्ड स्कूल में नन्हें कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुति से सजा वार्षिकोत्सव

-‘मैं, मेरा और मेरी बबल दुनिया’ ने बच्चों की सोच और समाज के यथार्थ को किया उजागर
-उत्सव छात्रों में आत्मविश्वास और सहयोग की भावना का करते हैं संचार: सुजैन होम्स

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को कैम्ब्रिज कक्षाओं (कक्षा एक से छह) का वार्षिकोत्सव उल्लास और उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस भव्य समारोह में लगभग 150 छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन दो चरणों में किया गया, जिसमें हर प्रस्तुति में बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली। विद्यालय की कार्यकारी प्रमुख सुजैन होम्स ने अपने स्वागत संबोधन में बच्चों की मेहनत और उनके प्रस्तुत अभिनय की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में सहनशीलता, आत्मविश्वास और टीम भावना के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। यह मंच विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को उभारने का सशक्त माध्यम बनते हैं। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. भानु बत्रा और डॉ. विधि सरीन ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि ऐसी सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए छात्रों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नाट्य प्रस्तुति ‘मैं, मेरा और मेरी बबल दुनिया’ रही, जिसे बच्चों ने अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत किया। यह कहानी आज के बच्चों की मनोस्थिति, चुनौतियों और व्यवहारगत संघर्षों को सजीव रूप में सामने लाती है। कहानी के दो प्रमुख पात्र नूडल और डूडल दर्शकों को गुदगुदाते हुए गंभीर जीवन संदेश भी दे जाते हैं। नूडल हमेशा अपनी भूलों का दोष दूसरों पर डालती है, जबकि डूडल अपने भीतर और बाहर के व्यवहार में अंतर नहीं समझ पाते। दोनों की गलतियाँ उन्हें बार-बार मुश्किलों में डालती हैं। कहानी सिखाती है कि हर कार्य का एक उचित समय और स्थान होता है, और गलतियों से सीखना ही जीवन की असली सफलता है। बच्चों के अभिनय, संवाद अदायगी, संगीत और नृत्य ने दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रस्तुति के अंत तक सभागार तालियों से गूंज उठा।

समारोह की शुरुआत में छात्रों ने वर्ष 2024-25 के शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक क्षेत्रों में विद्यालय की उपलब्धियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। यह रिपोर्ट छात्रों ने आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल के साथ साझा की, जिसमें विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक उपलब्धियों का वर्णन किया गया। समारोह के समापन पर विद्यालय के निदेशक डॉ. अरुणाभ सिंह ने बच्चों के अभिनय और उनकी सृजनात्मक प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि छात्रों का आत्मविश्वास और कला के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने सभी अभिभावकों, मुख्य अतिथियों और विद्यालय के शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।