बंधा रोड से नूरनगर तक बनेगी नई कनेक्टिविटी: सड़क निर्माण में आएगी रफ्तार

-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने किया निरीक्षण, बरसात से पहले भराई व संघनन कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की एक और बड़ी विकास परियोजना अब जमीन पर आकार लेने लगी है। राजनगर एक्सटेंशन में बंधा रोड को नूरनगर से जोडऩे वाली 18 और 24 मीटर चौड़ी दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गया है, जो आने वाले समय में क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को नया स्वरूप देगा और स्थानीय लोगों के आवागमन में बड़ा बदलाव लाएगा। गुरुवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निर्माण की प्रगति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पहले मिट्टी भराई, संघनन और अन्य प्राथमिक निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं ताकि डामरीकरण (काली सड़क) का काम बिना व्यवधान सुचारु रूप से आगे बढ़ सके। निरीक्षण के दौरान जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता बीडी गुप्ता और सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला समेत तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण पिछले कुछ वर्षों से पारदर्शिता, नागरिक भागीदारी और तेजी से कार्यान्वयन को प्राथमिकता दे रहा है। इस परियोजना में जनता, किसान और प्रशासन तीनों की त्रैतीयक भागीदारी एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

42 करोड़ की लागत, जनता की भागीदारी और विकास की नई उम्मीद
इस परियोजना पर कुल 42 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है, जिसमें से 32 करोड़ रुपये किसानों को उनकी भूमि के प्रतिकर के रूप में दिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि एक पूरे गांव के 100त्न किसानों ने स्वेच्छा से अपनी जमीन इस परियोजना के लिए दी है, जिससे यह परियोजना समय से पहले पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। यह प्रशासन और आम जनता के बीच मजबूत विश्वास का प्रतीक है। निर्माणाधीन सड़कों में से पहली 18 मीटर चौड़ी और 750 मीटर लंबी, जबकि दूसरी 24 मीटर चौड़ी और 350 मीटर लंबी होगी। यह सड़कें राजनगर एक्सटेंशन, नूरनगर और आस-पास के इलाकों के लिए नई लाइफलाइन साबित होंगी।

जनता से लिया जाएगा सड़क नामकरण का सुझाव
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने मौके पर यह भी ऐलान किया कि दोनों सड़कों के नामकरण के लिए जनता से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि ये सड़कें केवल विकास का माध्यम ही नहीं बल्कि सामुदायिक गौरव का प्रतीक भी बनें। उन्होंने कहा कि इस जनसहभागिता से प्रशासन और नागरिकों के बीच सहभागिता और मजबूत होगी।

जमीन पर दिख रहा है विकास का संकल्प
अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में सड़क के बेस लेवल पर मिट्टी भराई और लेवलिंग का काम प्राथमिकता पर किया जा रहा है। मौसम अनुकूल रहने पर अगले कुछ सप्ताहों में डामर डालने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। भूमि क्रय की प्रक्रिया में डीएम सर्किल रेट के दोगुने रेट पर किसानों की सहमति प्राप्त की गई है, जिससे विवाद या देरी की कोई संभावना नहीं है।

राजनगर एक्सटेंशन में आवागमन होगा सुगम, रियल एस्टेट को भी मिलेगा बढ़ावा
इन सड़कों के निर्माण से न केवल आम जनता को बेहतर ट्रैफिक सुविधा मिलेगी, बल्कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में रियल एस्टेट, व्यवसायिक गतिविधियां और निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे। साथ ही क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और सुरक्षा भी बेहतर होगी।