नगर निगम का नया रूप: पार्षदों और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए भव्य और आधुनिक सदन कक्ष जल्द होगा तैयार

– 100 पार्षदों के बैठने की सुविधा, मीडिया और स्टाफ के लिए अलग व्यवस्था
– एलईडी प्रेजेंटेशन वॉल, कैमरा इंस्टॉलेशन और डिजिटल उपकरणों से होगी बैठकें सुचारू
– फरवरी तक पूर्ण होगा जीर्णोद्धार, कार्यकारिणी कक्ष भी बहुप्रयोजनीय बनेगा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में पार्षदों और कार्यकारिणी सदस्यों के लिए आधुनिक और भव्य सदन कक्ष का जीर्णोद्धार तेजी से जारी है। शहर की जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बैठने की सुविधा, तकनीकी उपकरणों की आधुनिक व्यवस्था, एलईडी प्रेजेंटेशन वॉल, माइक और इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सदन कक्ष को पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने गुरुवार को निर्माण विभाग की टीम के साथ जाकर कक्ष में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पार्षदों की बैठकों और नगर निगम की कार्यकारिणी बैठकों के लिए यह कक्ष अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण टीम को निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण किया जाए।

मौके पर मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार भी मौजूद रहे। मुख्य अभियंता ने बताया कि कक्ष लंबे समय से जीर्ण स्थिति में था और पार्षदों के बैठने के साथ-साथ अधिकारियों, क्लर्क और मीडिया बंधुओं के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। अब 100 पार्षदों के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ मीडिया और स्टाफ के लिए अलग स्थान बनाया जा रहा है। पुराने एसी, लाइट और इलेक्ट्रिक उपकरणों को बदलकर पूरी तरह नई वायरिंग और साउंड सिस्टम लगाई जा रही है। सदन कक्ष में प्रेजेंटेशन के लिए एलईडी वॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कैमरा इंस्टॉलेशन का कार्य भी कराया जा रहा है। इससे पार्षदों और अधिकारियों को बैठक के दौरान बेहतर दृश्य और सुनवाई की सुविधा प्राप्त होगी। नगर आयुक्त ने कहा कि कार्यकारिणी कक्ष में भी मरम्मत और फर्नीचर बदलाव का कार्य किया जा रहा है, ताकि दोनों कक्ष बहुप्रयोजनीय उपयोग के लिए तैयार हो सकें।

नगर आयुक्त ने बताया कि कक्ष के जीर्णोद्धार की मांग वर्षों से की जा रही थी। अब इसे पार्षदों की बैठकों और नगर निगम की कार्यकारिणी बैठकों के लिए पूरी तरह आधुनिक और भव्य बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य फरवरी माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद शहर के पार्षद और पदेन सदस्य सुव्यवस्थित वातावरण में महत्वपूर्ण बैठकों का संचालन कर सकेंगे। नगर निगम सूत्रों ने बताया कि नए सदन कक्ष में बैठक के दौरान पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए डिजिटल उपकरणों की भी व्यवस्था की जा रही है। यह कक्ष पार्षदों के प्रस्तावों, बजट प्रस्तुति, और अन्य आधिकारिक कार्यों के लिए एक आदर्श केंद्र बन जाएगा।