सुरक्षा को नई रफ्तार: पुलिस बेड़े में शामिल हुए 7 अत्याधुनिक पीआरवी वाहन

-डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी, स्कार्पियो और इनोवा से लैस नई पीआरवी से रेस्पॉन्स टाइम में होगा सुधार, आपात सेवाएं होंगी और मजबूत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट को यूपी-112 सेवा के तहत 7 नए अत्याधुनिक पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) वाहन प्राप्त हुए हैं। इनमें 5 स्कार्पियो और 2 इनोवा कार शामिल हैं, जिन्हें पुलिस लाइन परिसर से डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद, प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 रवि बालियान, परिवहन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इन नए वाहनों के संचालन से यूपी-112 की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और अधिक तेज, प्रभावी और भरोसेमंद हो जाएगी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि ये 7 नए पीआरवी वाहन गाजियाबाद की जनता को त्वरित सहायता पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

इन वाहनों के जुडऩे से कॉलर व पीडि़तों को कम से कम समय में राहत पहुंचाई जा सकेगी। रेस्पॉन्स टाइम में बड़ा सुधार होगा, जो अपराध नियंत्रण और आपात सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगा।
डीसीपी ने आगे कहा कि पुलिस कमिश्नरेट की प्राथमिकता शहरवासियों की सुरक्षा और त्वरित सेवा है, और यह कदम उसी दिशा में एक सशक्त प्रगति है। इन वाहनों को गाजियाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा ताकि आवश्यकता पडऩे पर किसी भी क्षेत्र में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। पुलिस कमिश्नरेट अब कुल मिलाकर और अधिक पीआरवी वाहनों के साथ अपनी 24&7 निगरानी और सेवा प्रणाली को और प्रभावशाली बनाएगा। इस अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की और विश्वास जताया कि इससे जनता और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत होगा। गाजियाबाद की सड़कों पर दौड़ते ये नए पीआरवी वाहन अब न केवल सुरक्षा का प्रतीक बनेंगे, बल्कि लोगों के लिए राहत और भरोसे का माध्यम भी।