-8.15 लाख की लूट में शामिल आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए, तीन घायल, 6.45 लाख रुपये बरामद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कविनगर में आइसक्रीम कारोबारी के कर्मचारी से हुई 8.15 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र मलिक, क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी व मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लूट में फरार चल रहे 5 बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। जबकि एक बदमाश को घेराबंदी करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लूटे रुपए में से 6.45 लाख रुपए बरामद कर लिए है। आइसक्रीम कारोबारी के मैनेजर ने लूट कराने की पूरी योजना तैयार की थी। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। कविनगर में सोमवार को आइसक्रीम कारोबारी के कर्मचारी अमित से 8.15 लाख रुपए की लूट हुई थी। पुलिस ने पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कविनगर और मधुबन बापूधाम में हुई अलग-अलग मुठभेड़ में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फे्रंस के दौरान डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा की मौजूदगी में बताया कि पकड़े गए बदमाश लाल कुआं निवासी सूरज यादव,पिलखुआ निवासी नितिन कुमार,लालकुआं निवासी मनीष कुमार, पिलखुआ निवासी बृजेश और मसूरी निवासी अंकुश हैं।जबकि कारोबारी का मैनेजर अमित कुमार है। बताया गया कि लालकुआं निवासी मनीष कुमार ने मधुबन बापूधाम इलाके में पुलिस हिरासत में हेड कांस्टेबल की पिस्टल छीनकर फायर कर दिया था जिसका बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। डीसीपी सिटी ने बताया कि आरोपितों से 6.45 लाख रुपए बरामद हो गए हैं। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। लालकुआं निवासी मनीष कुमार ने मधुबन बापूधाम इलाके में पुलिस हिरासत में हेड कांस्टेबल की पिस्टल छीनकर फायर कर दिया था जिसका बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। कंपनी के मैनेजर अमित कुमार ही इस लूट का मास्टरमाइंड निकला।
पुलिस ने अमित के पांच अन्य साथियों को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शुरूआत में, मैनेजर अमित ने पुलिस को बताया था कि बैंक में पैसे जमा कराने जाते समय अज्ञात बदमाशों ने उसकी आंख में मिर्ची पाउडर डालकर और पिस्तौल की नोक पर 8.15 लाख रुपए लूट लिए। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में संदेह हुआ। क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और कवि नगर पुलिस की संयुक्त जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस की गहन पूछताछ में अमित ने कबूल किया कि वही इस लूटकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर इस पूरी घटना की योजना बनाई थी। अमित पर कर्ज होने के बाद उसने लूट की साजिश रची थी,कि वह पैसे लेकर बैंक जाएगा और रास्ते में उसके साथी मिर्ची डालकर और पिस्तौल दिखाकर उससे पैसे लूट लेंगे।
बाद में सभी मिलकर पैसे का बंटवारा करने वाले थे। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में अमित के पांच साथियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान इन सभी आरोपियों को पैर में गोली लगी है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6.45 लाख रुपए नकद, तमंचे, पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस लूटकांड में शामिल सभी आरोपी अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए हैं। मुख्य आरोपी अमित है। पुलिस का कहना है कि आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।


















