नोएडा सीईओ कृष्णा करुणेश ने एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को गति देने की तैयारी शुरू की

-सेक्टर-3 से सेक्टर-57 चौराहे तक लगभग 5.5 किलोमीटर एलिवेटेड रोड का है प्रस्ताव

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने में जुटे हैं। अब नोएडा में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को एक बार फिर गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। नोएडा अथॉरिटी ने सेक्टर-13 रजनीगंधा चौक से सेक्टर-57 तक बनने वाले इस एलिवेटेड रोड के लिए आईआईटी से दोबारा सर्वे कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए आईआईटी को आधिकारिक पत्र भेज दिया गया है। नई सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद ही प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यह एलिवेटेड रोड सेक्टर-3 से सेक्टर-57 चौराहे तक लगभग 5.5 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है। लंबे समय से यह परियोजना केवल कागजों तक सीमित रही है, लेकिन अब अथॉरिटी इसे लेकर गंभीर नजर आ रही है। शहर के औद्योगिक सेक्टर फेज-1 और फेज-3 के बीच आवागमन करने वाले लोगों को रोजाना भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में रजनीगंधा चौक, सेक्टर-10, सेक्टर-21, चौड़ा मोड़, सेक्टर-12 और सेक्टर-57 जैसे कई प्रमुख चौराहों पर रेड लाइट के कारण वाहन चालकों को बार-बार रुकना पड़ता है। इससे समय की बर्बादी के साथ-साथ प्रदूषण भी बढ़ता है।

एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहन बिना रुके सीधे गुजर सकेंगे, जिससे यह दूरी महज 10 मिनट में तय की जा सकेगी। पुरानी रिपोर्ट के अनुसार इस परियोजना की लागत लगभग 700 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन अब नए सर्वे के बाद लागत में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। अथॉरिटी का मानना है कि यह एलिवेटेड रोड शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और हजारों लोगों को रोजाना जाम से राहत मिलेगी।

—–