-गाजियाबाद पुलिस का जनसुनवाई अभियान बना भरोसे की मिसाल, धवल जायसवाल खुद सुन रहे फरियाद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस अब सिर्फ कानून-व्यवस्था की पहरेदार नहीं, आमजन की समस्याओं की सुलझाने वाली शक्ति बन गई है। पुलिस आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में नगर क्षेत्र में जनसुनवाई अभियान को नई दिशा मिल रही है। इसी कड़ी में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल प्रतिदिन अपने कार्यालय में खुद आम जनता से मिल रहे हैं, शिकायतें सुन रहे हैं और निस्तारण की दिशा में तेज़, पारदर्शी और सख्त कदम उठा रहे हैं। जनसुनवाई के दौरान डीसीपी सिटी ने पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, साइबर क्राइम, यातायात समस्याएं, और थाना स्तर की कार्रवाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण शिकायतें सुनीं। हर फरियादी को न्याय दिलाने के लिए श्री जायसवाल ने न सिर्फ गंभीरता से संवाद किया, बल्कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए। डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि हम जनता को ये भरोसा दिलाना चाहते हैं कि गाजियाबाद पुलिस उनके साथ खड़ी है।
कोई भी शिकायत अब अनसुनी नहीं जाएगी। हमने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अभियान के जरिए पुलिस और आमजन के बीच संवाद और विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है। लोग न सिर्फ खुलकर अपनी बात कह पा रहे हैं, बल्कि यह भी देख रहे हैं कि पुलिस प्रशासन उनके मुद्दों को गंभीरता से ले रहा है। जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर डीसीपी सिटी स्वयं निगरानी रखेंगे। इसका सीधा उद्देश्य है पारदर्शिता बनाए रखना, समाधान की गति बनाए रखना और लापरवाही पर कठोरता से रोक लगाना। गाजियाबाद पुलिस अब केवल अपराध पर लगाम कसने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की हर समस्या को गंभीरता से समझने और हल करने की दिशा में निरंतर सक्रिय है। इस जनोन्मुखी सोच से नागरिकों का पुलिस पर भरोसा पहले से कहीं अधिक मजबूत हो रहा है।

डीसीपी सिटी
जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनना और समयबद्ध, निष्पक्ष समाधान देना हमारी प्राथमिकता है। हम हर फरियादी को यह भरोसा दिलाना चाहते हैं कि गाजियाबाद पुलिस उनके साथ है। कोई भी शिकायत अनसुनी नहीं जाएगी। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मामले में लापरवाही न हो और समाधान पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। इस जनसुनवाई से न सिर्फ लोगों की समस्याएं हल हो रही हैं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
धवल जायसवाल
डीसीपी सिटी
















