उदय भूमि संवाददाता।
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी यूनियन का शपथ ग्रहण नवरात्रि के शुभ दिनों में होगा। 4 सितंबर यानी बृहस्पतिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को अगले कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। शपथ ग्रहण की अगली तिथि बाद में निर्धारित की जाएगी। बृहस्पतिवार को नवनिर्वाचित यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्य चुनाव अधिकारी से इस बाबत अनुरोध किया। जिसके बाद मुख्य चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन सिंघल ने शपथ ग्रहण स्थगित करने की जानकारी दी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन सिंघल ने बताया कि नगर निगम कर्मचारी संघ गाजियाबाद के निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 4 सितंबर 2025 को होना निर्धारित था।
जो अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम की सूचना पृथक से आगे दी जाएगी। नवनिर्वाचित यूनियन के अध्यक्ष अनुराग नागर ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल आवश्यक कार्य से अगले कुछ दिनों के लिए शहर से बाहर हैं। कर्मचारियों की इच्छा है कि शपथ ग्रहण शुभ दिन में किया जाये। सोमवार से श्राद्ध पक्ष शुरू हो जाएगा। ऐसे में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह नवरात्रि में आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी कर्मचारी उत्साहित हैं। जिन उम्मीदों के साथ कर्मचारियों ने मुझे अपना नेतृत्व करने का दायित्व सौंपा है। उसके निर्वाहण करने के लिए हमेशा तैयार रहूंगा। कर्मचारियों का हित मेरे लिए सर्वोपरि रहेगा।

















