गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र और करहेड़ा डूब क्षेत्र में अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत 5 कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर मंगलवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध निर्माण व अनाधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह बड़ी कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 की प्रभारी एवं ओएसडी गुंजा सिंह ने बताया कि मंगलवार को सहायक अभियंता, अवर अभियंता,जीडीए पुलिस एवं लोनी पुलिस की मौजूदगी में करहेड़ा, असालतपुर (हिंडन डूब क्षेत्र) ग्राम सिकरानी, चिरौड़ी रोड, शगुन मैरिज हॉल के पास प्रेम नगर कालोनी एवं रामेश्वर पार्क के पास गढ़ी कटैया लोनी में पूर्व में काटी गई 5 अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर कॉलोनाइजर के साइट ऑफिस, सड़क, खडंजा, भूखंडों की बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने प्रवर्तन जोन के सहायक अभियंता,अवर अभियंता तथा सुपरवाईजर स्टाफ को निर्देशित किया कि सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उक्त अवैध निर्माण पुन:न होने पाए। जीडीए की अवैध निर्माण पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही निर्माणकर्ता व कॉलोनाइजर को निर्देशित किया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। कोई भी आम व्यक्ति किसी भी वादग्रस्त,विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।
















