गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग की ‘ऑपरेशन क्लीन शराब’: माफिया पर कहर बनकर टूटी आबकारी विभाग की टीम

-तस्करों की अब खैर नहीं: गली-गली छापे, सड़कों पर चेकिंग, दुकानों की गहन जांच
– जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में चल रहा है अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के खिलाफ अब तक की सबसे निर्णायक और व्यापक कार्यवाही का बिगुल बज चुका है। यह केवल एक प्रशासनिक मुहिम नहीं, बल्कि जनहित, सुरक्षा और कानून व्यवस्था की रक्षा के लिए छेड़ा गया एक निर्णायक संग्राम है जिसके अग्रदूत हैं जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव। उनकी अगुवाई में चल रहा यह अभियान न केवल तस्करों की कमर तोडऩे वाला है, बल्कि आम जनता में विश्वास और सुरक्षा का भाव भी गहराई से स्थापित कर रहा है। इस बार न कोई कोताही, न कोई ढिलाई बल्कि पूरी रणनीति, तकनीक और तत्परता के साथ, अवैध शराब के कारोबार को जड़ से समाप्त करने की दिशा में यह अभियान एक इतिहास रचने की ओर अग्रसर है।

खुद आबकारी अधिकारी का फील्ड पर उतरना इस बात का प्रमाण है कि अब तस्करों के लिए कोई बचाव नहीं, केवल कार्रवाई ही उनका इंतजार कर रही है। ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जिले में अब हर अवैध गतिविधि के विरुद्ध कठोरतम कदम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। पहले के अभियानों में केवल टीमों के भरोसे ही कार्रवाई की जाती थी, लेकिन इस बार खुद डीईओ सुबोध श्रीवास्तव ने कमान अपने हाथों में ले रखी है। वे न केवल योजनाएं बना रहे हैं, बल्कि फील्ड पर जाकर कार्रवाई का नेतृत्व भी कर रहे हैं। उनकी मौजूदगी ही टीम के लिए प्रेरणा और तस्करों के लिए दहशत का कारण बन रही है। जिला में शराब माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध धंधे करने वालों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति लागू है।

दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त
शनिवार को जिला आबकारी विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर दो शराब तस्करों को धर दबोचा। आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर के नेतृत्व में थाना 135 क्षेत्र के सेक्टर 168 में राकेश पुत्र रघुवीर को दबोचा गया, जिसके पास से 20 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई। इसी दिन आबकारी निरीक्षक गौरव चंद की टीम ने फेज-1 थाना क्षेत्र के सेक्टर 5 मसाला मार्केट में दबिश देकर रणजीत पुत्र मदनलाल को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 105 पौवे यूपी मार्का देशी शराब पकड़ी गई।

कासना से परी चौक तक पुलिस-आबकारी का सघन ऑपरेशन
शनिवार और रविवार की रात को आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय, गौरव चंद, डॉ. शिखा ठाकुर, अभिनव शाही, नामवर सिंह और रवि जायसवाल के साथ मेरठ प्रवर्तन टीम की संयुक्त दबिश में कासना औद्योगिक क्षेत्र, परी चौक, और आसपास के क्षेत्रों में रोड चेकिंग और दुकानों की सघन जांच की गई। शराब दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच, रजिस्टर सत्यापन, स्टॉक मिलान और गुप्त टेस्ट परचेजिंग जैसे उपाय किए गए ताकि लाइसेंसी दुकानों की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। किसी भी हालत में नियम विरुद्ध बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई तय है।

जिले में बना जनविश्वास, शराब माफिया में खलबली
शराब माफिया अब दहशत में हैं और आम जनता में उम्मीद की लहर है। जिले में लंबे समय से चल रहे तस्करी नेटवर्क को तोडऩे के लिए यह अभियान निर्णायक साबित हो रहा है। तस्करों के अड्डों की पहचान, उन पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और रणनीतिक रेड ने पूरे तंत्र को झकझोर दिया है। यह पहली बार नही है जब जिले के भीतर शराब नियंत्रण नीति को इतने सशक्त और सघन रूप में लागू किया गया है, और इसका श्रेय जिला आबकारी अधिकारी की दृढ़ इच्छाशक्ति को जाता है।

‘ऑपरेशन क्लीन शराब’ से बदलेगा पूरे पश्चिमी यूपी का नक्शा
यदि यह अभियान इसी रफ्तार से जारी रहा, तो न केवल गौतमबुद्ध नगर, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट लगेगी। साथ ही यह एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में दूसरे जिलों के लिए भी मिसाल पेश करेगा।

अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

सुबोध कुमार श्रीवास्तव
जिला आबकारी अधिकारी

गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए आबकारी विभाग प्रतिबद्ध है। हमने व्यापक रणनीति बनाई है, जिसमें गुप्त सूचना तंत्र, सड़क पर सक्रिय चेकिंग टीमें, लाइसेंसी दुकानों की निगरानी और तस्करों के ठिकानों पर त्वरित दबिश जैसे कदम शामिल हैं। हमारी कोशिश है कि शराब माफिया के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए और आम जनता को शुद्ध व नियमानुसार उपलब्ध शराब ही मिले। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अवैध गतिविधि पाए जाने पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। जनता से मेरी अपील है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध शराब की जानकारी मिले तो तत्काल हमें सूचित करें उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव
जिला आबकारी अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर