अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठिया ढेर

बीएसएफ ने जम्मू क्षेत्र में कड़ी कार्रवाई की

जम्मू। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिशें रूक नहीं रही हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान कोई न कोई साजिश रचने में मशगूल है। इस बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठिए को ढेर कर दिया। वह पाकिस्तान की तरफ से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। यह घटना सोमवार की सुबह करीब पौने 10 बजे सांबा सेक्टर के चक फकीरा सीमा चौकी (सीमा स्तंभ संख्या-64) के समीप की है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) प्रवक्ता ने कहा कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद घुसपैठिया सीमा की बाड़ की तरफ बढ़ता रहा। इसके बाद बीएसएफ सैनिकों ने उस पर गोली चला दी। पाकिस्तानी घुसपैठिए का शव बरामद कर लिया गया है। बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह से शव बरामद किया गया है, वह अंतराष्ट्रीय सीमा पर भारत की तरफ लगभग 40 मीटर की दूरी पर है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अग्रिम चौकियों और गांवों पर पाकिस्तानी रेंजरों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को करोल कृष्ण सीमा चौकी क्षेत्र में रात लगभग 10 बजकर 20 मिनट पर सीमापार से गोलीबारी शुरू की गई। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल की तरफ से इसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया। दोनों पक्षों की तरफ से तड़के 5 बजे तक गोलीबारी होती रही और भारतीय पक्ष को कोई नुकसान होने की खबर नहीं है। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान निरंतर कोई न कोई हरकत करता रहता है। पाकिस्तानी सैनिक अक्सर सीजफायर का उल्लंघन कर घुसपैठ कराने का प्रयास करते हैं, मगर सीमा पर मुस्तैद भारतीय जवान मुंहतोड़ जबाव देने में कभी पीछे नहीं हटते हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारतीय जवान दिन-रात निगरानी करते हैं।