एडल्ट वीडियो प्रकरण में अभिनेत्री गहना गिरफ्तार

बचाव में उतरी टीम, पुलिस के आरोपों को नकारा

मुंबई। एडल्ट वीडियो प्रकरण में गिरफ्तार अभिनेत्री गहना वशिष्ठ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गहना पर 87 पॉर्नोग्राफी वीडियो शूट कर वेबसाइट पर अपलोड करने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने 6 फरवरी को उन्हें गिरफ्तार किया था। उधर, गहना वशिष्ठ के बचाव में उनकी टीम सामने आ गई है। टीम ने गहना पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अभिनेत्री गहना वशिष्ठ की टीम का कहना है कि गहना पूरी तरह बेकसूर हैं। वह किसी पॉर्न फिल्म रैकेट का हिस्सा नहीं हैं। गहना अपनी कंपनी जीवी स्टूडियो की निर्माता निर्देशक हैं। इस नाते वह सिर्फ फिल्मों का निर्माण और निर्देशन करती हैं। ऐसा करना कानूनी रूप से मान्य है। कुछ व्यक्ति उन्हें बदनाम करने और फंसाने की साजिश कर रहे हैं। हमें भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। गहना वशिष्ठ की टीम का कहना है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुंबई पुलिस ने गहना की एरोटिक फिल्मों को हार्डकोर पॉर्न फिल्मों में शामिल कर लिया। जबकि एरोटिक, बोल्ड और हार्डकोर पॉर्न फिल्म में काफी अंतर होता है। कानूनी तौर पर यह अलग-अलग फिल्में होती हैं। हमें उम्मीद है कि कोर्ट इस प्रकरण की बारीकी और फिल्मों में अंतर समझेगा और गहना को न्याय मिलेगा। मालूम हो कि मिस एशिया बिकनी विजेता गहना वशिष्ठ बालाजी प्रोडक्शन हाउस के वेब सीरीज गंदी बात में काम करने के बाद सुर्खियों में आई थीं। इसके अलावा वह कई हिंदी और तेलगू फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। गहना पर 87 पॉर्नोग्राफी वीडियो शूट कर वेबसाइट पर डालने का आरोप है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम कुछ और मॉडल, को-एक्ट्रेस और कुछ प्रोडक्शन हाउस पर निगरानी रख रही है। इन सभी पर एडल्ट वीडियो वेबसाइट पर अपलोड करने का आरोप है। मुंबई पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानूनों से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।