गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम द्वारा लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को नुक्कड़ नाटक का आयोजन कराया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि परियोजना कार्यालय लखनऊ के माध्यम से शासन द्वारा शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए नुक्कड़ नाटकों का मंचन पूरे प्रदेश में कराया जा रहा है। जिसके लिए नाटक मंच के कलाकारों की एक चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। जो प्रदेश के प्रत्येक जनपद में जाकर नुक्कड़ नाटक कर लोगों को शिक्षा के प्रति निरंतर जागरूक कर रही है। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम में इन कलाकारों द्वारा जन समुदाय को जागरूक करने के लिए एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक के आयोजन हेतु विद्यालय द्वारा पहले से ही तैयारियां की जा रही थी।
जन समुदाय को इसके विषय में अवगत कराने के लिए गांव भर में मुनादी एवं फोन द्वारा सूचना दी गई थी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से टीम द्वारा लोगों को सरकारी विद्यालयों में प्राप्त होने वाली समस्त सुविधाएं, शिक्षा से संबंधित समस्त मोबाइल ऐप जैसे दीक्षा एप,,रीड अलांग ऐप, समर्थ ऐप आदि के विषय में विस्तार से समझाया गया। बालिका शिक्षा को प्रोन्नत करने के लिए नाटक के माध्यम से लोगों को संदेश दिया कि बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में बालकों से कम नहीं है अत: बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
इसके अतिरिक्त सरकारी विद्यालयों में बच्चों के अधिक से अधिक नामांकन करने एवं उनकी शिक्षा पर ध्यान देने हेतु भी लोगों को जागरूक किया गया। प्रस्तुति के पश्चात नाटक मंच के सभी कलाकारों को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका व ग्राम प्रधान द्वारा स्टॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी, ग्राम प्रधान विनोद कुमार, शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी,ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव, शैक्षिक महासंघ के जिला मंत्री कनक सिंह, अर्चना, मृदुला अग्रवाल, रिचा,रीनू, रुचिका, अर्चना यादव, नवीन कुमार, सुमित सहित गांव के सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।


















