देश का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी : जयंत चौधरी

-केन्द्रीय राज्य मंत्री जयन्त चौधरी ने खिलाडिय़ों का बढ़ाया हौंसला
-खेल सामग्री के लिए प्रदान की 9 लाख 81 हजार रूपये की स्वीकृति

गाजियाबाद। ग्रामीण परिवेश के खिलाड़ी ही आज खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे है। ऐसे में खिलाडिय़ों को पूर्ण सुविधा मिलनी चाहिए। सोमवार को यह बातें केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने कहीं। चौधरी जयंत सिंह ने खिलाडिय़ों का हौंसला बढ़ाते हुए अपनी निधि से खेल सामग्री के लिए 9.81 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की। सोमवार को केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी कस्बा पतला में पहुंचे थे। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा पतला में निर्मित ग्रामीण स्टेडियम में सांसद क्षेत्र विकास योजना 2024-25 के अंतर्गत केंद्रीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार चौधरी जयंत सिंह ने अपनी राज्यसभा सांसद निधि से 9.81 रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई।

जिला ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के माध्यम से स्टेडियम में प्रतिदिन अभ्यास करने वाले खिलाडिय़ों के विकास के लिए कुश्ती मैट, कबड्डी मैट, वॉलीबॉल नैट एवं वॉलीबाल गेंद आदि खेल सामग्री स्थानीय खिलाडिय़ों को सौंपी गई। इस मौके पर कबड्डी टीम पतला और ढिंढार का मैच भी कराया गया। जिसमें ढिंढार गांव की टीम विजेता व पतला की टीम उपविजेता रही। इस मौके बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, नगर पंचायत चेयरमैन पतला रीता चौधरी, रालोद जिलाध्यक्ष अमित त्यागी, चेयरमैन अमरजीत बिड्डी, युवा जिलाध्यक्ष जयदीप

चौधरी, राहुल चौधरी डैनी के अलावा जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी महिपाल सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक कुमार श्रीवास्तव, व्यायाम प्रशिक्षक सौरभ कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी सर्वेश सिंह, देवेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे। वहीं, कबड्डी मैच के निर्णायक राजकुमार नेहवाल, मनवीर चौधरी आदि मौजूद रहे।