प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार कर अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस तीन मार्गों पर संचालित होगी। इससे मेरठ-लखनऊ, मदुरै-बेंगलुरु और चेन्नई-नागरकोइल पर कनेक्टिविटी में सुधार होगा। ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी। वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मदुरै-बेंगलुरु, चेन्नई-नागरकोइल और मेरठ-लखनऊ वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर उत्तर से दक्षिण तक भारत की विकास यात्रा में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। पीएम ने इस बात पर जोर दिया कि देश में वंदे भारत ट्रेनों के आधुनिकीकरण और विस्तार के साथ राष्ट्र विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
विजय मिश्रा (उदय भूमि)
नई दिल्ली। देश को तीन वंदे भारत ट्रेनों का तोहफा मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार कर अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस तीन मार्गों पर संचालित होगी। इससे मेरठ-लखनऊ, मदुरै-बेंगलुरु और चेन्नई-नागरकोइल पर कनेक्टिविटी में सुधार होगा। ये ट्रेनें उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी। वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मदुरै-बेंगलुरु, चेन्नई-नागरकोइल और मेरठ-लखनऊ वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर उत्तर से दक्षिण तक भारत की विकास यात्रा में एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। पीएम ने इस बात पर जोर दिया कि देश में वंदे भारत ट्रेनों के आधुनिकीकरण और विस्तार के साथ राष्ट्र विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इनसे देश के महत्वपूर्ण शहरों के साथ-साथ ऐतिहासिक कस्बों को भी संपर्क सुविधा मिली है। मंदिरों का शहर मदुरै अब आईटी सिटी बेंगलुरु से जुड़ गया है। पीएम ने कहा कि इससे न सिर्फ संपर्क आसान होगा, बल्कि तीर्थयात्रियों के लिए भी खासकर सप्ताहांत या त्योहारों के दौरान यह बहुत फायदेमंद होगा। चेन्नई-नागरकोइल मार्ग से छात्रों, किसानों और आईटी पेशेवरों को बहुत लाभ होगा। पीएम ने वंदे भारत ट्रेनों से जुड़े स्थानों पर पर्यटन के विकास का जिक्र कर कहा कि यह क्षेत्र में व्यवसायों और रोजगार के अवसरों के विकास का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दक्षिण के राज्यों का तेज विकास बहुत जरूरी है। दक्षिण भारत में अपार प्रतिभा, अपार संसाधन और अवसर हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के साथ-साथ पूरे दक्षिण भारत का विकास सरकार की प्राथमिकता है। रेलवे की विकास यात्रा सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस साल तमिलनाडु के रेल बजट के लिए 6000 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है, जो 2014 की तुलना में 7 गुना ज्यादा है। उन्होंने यह भी कहा कि आज के बाद तमिलनाडु में वंदे भारत ट्रेनों की कुल संख्या 8 हो जाएगी। इसी तरह इस साल के बजट में कर्नाटक के लिए 7000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है, जो 2014 की तुलना में 9 गुना ज्यादा है। पीएम ने कहा कि आज कर्नाटक को 8 वंदे भारत ट्रेनें जोड़ रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे ट्रैक में सुधार के साथ विद्युतीकरण किया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण जारी है। इससे लोगों के जीवन में आसानी बढ़ी है और व्यापार करने में भी सुगमता हुई है। पीएम मोदी ने मेरठ-लखनऊ रूट पर नई वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि क्रांति की धरती मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्र आज विकास की नई क्रांति का गवाह बन रहा है। वंदे भारत की शुरुआत से राज्य की राजधानी लखनऊ की दूरी भी कम हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) इस बात का उदाहरण बन रहा है कि कैसे पीएम गति शक्ति का विजन आधुनिक ट्रेनों, एक्सप्रेसवे के नेटवर्क और हवाई सेवाओं के विस्तार के साथ देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को बदल सकता है। उन्होंने कहा कि भारत आधुनिक होती भारतीय रेलवे का नया चेहरा है। हाई-स्पीड ट्रेनों के आगमन से लोगों में अपने व्यवसाय और रोजगार के साथ-साथ अपने सपनों को भी विस्तार देने का विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने बताया कि आज देशभर में 102 वंदे भारत रेल सेवाएं संचालित की जा रही हैं और इन ट्रेनों में अब तक 3 करोड़ से अधिक लोग यात्रा कर चुके हैं। ये संख्या न केवल वंदे भारत ट्रेनों की सफलता का प्रमाण है, बल्कि भारत की आकांक्षाओं और सपनों का भी प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक रेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित भारत के विजन का एक मजबूत स्तंभ है।
बदलेगी रेलवे की पुरानी छवि
पीएम मोदी ने बताया कि इस साल के बजट में रेलवे को 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए गए हैं और सरकार भारतीय रेलवे को इसकी पुरानी छवि को बदलने के लिए उच्च तकनीकी सेवाओं से जोड़ रही है। वंदे भारत के साथ-साथ अमृत भारत ट्रेनों का भी विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए नमो भारत ट्रेनें चलाने और शहरों में यातायात की समस्याओं से निपटने के लिए जल्द ही वंदे मेट्रो शुरू करने की बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय शहरों की पहचान हमेशा से उनके रेलवे स्टेशनों से रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशनों में सुधार हो रहा है और शहरों को नई पहचान मिल रही है।
1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण
पीएम मोदी ने कहा कि देश में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण किया जा रहा है, जिनमें से कुछ को हवाई अड्डों की तरह बनाया जा रहा है। इसके अलावा छोटे से छोटे स्टेशनों को भी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रा की सुगमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जब रेलवे, सड़क और जलमार्ग जैसे कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाता है, तो देश मजबूत होता है। इससे देश के आम नागरिकों को लाभ होता है, चाहे वे गरीब हों या मध्यम वर्ग।
गरीबी को दूर करेगा इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास
पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे ने वर्षों से दशकों पुरानी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि भारत को इस दिशा में अभी लंबा सफर तय करना है और उन्होंने तब तक नहीं रुकने का संकल्प लिया, जब तक भारतीय रेलवे सभी के लिए आरामदायक यात्रा की गारंटी नहीं दे देता, चाहे वह गरीब हो या मध्यम वर्ग। उन्होंने विश्वास व्यक्त कर कहा कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास गरीबी को समाप्त करने में प्रमुख भूमिका निभाएगा।
















